Media24Media.com: 4 करोड़ दो, वरना अंजाम भुगतो! रायपुर में अनवर ढेबर समेत 6 पर रंगदारी का केस

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

4 करोड़ दो, वरना अंजाम भुगतो! रायपुर में अनवर ढेबर समेत 6 पर रंगदारी का केस

Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी रायपुर में जमीन के पुराने सौदे को लेकर चार करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने और एक बुजुर्ग कारोबारी को धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 62 वर्षीय जमीन कारोबारी बलिराम धरमानी पर चार करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया गया। रकम देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर और कुबेर राठी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।


मामले में नामजद अन्य आरोपियों में संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आपराधिक साजिश, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

2018 में हुआ था जमीन का सौदा, चार करोड़ की मांग से शुरू हुआ विवाद

एफआईआर के मुताबिक, कालीबाड़ी निवासी बलिराम धरमानी ने वर्ष 2018 में बोरड परिवार की लाभांडी स्थित करीब 2.60 लाख वर्गफुट जमीन का सौदा किया था। इस सौदे में 40 हजार वर्गफुट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम पर हुई थी, जबकि शेष जमीन के लिए एग्रीमेंट किया गया था। हालांकि, बोरड परिवार के सदस्यों के बीच आपसी विवाद के चलते बाकी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2022 में संदीप अग्रवाल कारोबारी के कटोरा तालाब स्थित कार्यालय पहुंचा और विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने में मदद करने का भरोसा देकर चार करोड़ रुपये की मांग की। इस संबंध में मौखिक सहमति बनने की बात भी सामने आई है।

धरमानी के मुताबिक, करीब चार साल तक विवाद का समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने अपने नाम की 40 हजार वर्गफुट जमीन वापस बोरड परिवार के नाम रजिस्ट्री कर दी। इसके बाद उन्हें अपनी रकम 1.65 करोड़ और बयाने के 1.50 करोड़ रुपये मिलाकर कुल 3.15 करोड़ रुपये वापस मिल गए। कारोबारी का दावा है कि इसके बाद बोरड परिवार के साथ उनका कोई लेन-देन बाकी नहीं रहा।

चार करोड़ रुपये के लिए बैठकों का दौर, कारोबारी पर बनाया दबाव

शिकायत के अनुसार, सितंबर 2026 में नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी ने फोन कर बलिराम धरमानी पर कुबेर राठी से बातचीत करने का दबाव बनाया। इसके बाद 26 सितंबर को रहमानिया चौक स्थित बबू प्लाजा के कार्यालय में बैठक हुई।

इस बैठक में कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी मौजूद थे। आरोप है कि यहां भी जमीन के पुराने सौदे का हवाला देकर कारोबारी से चार करोड़ रुपये देने की मांग की गई। हालांकि, धरमानी ने इस रकम को देने से इनकार कर दिया।

होटल वेलिंगटन में मारपीट, पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी

मामले में सबसे गंभीर घटनाक्रम 27 सितंबर को सामने आया। शिकायत के मुताबिक, फाफाडीह चौक स्थित होटल वेलिंगटन में बैठक तय की गई थी। बलिराम धरमानी अपने परिचित आबिद हसन और आरिफ रजा के साथ होटल पहुंचे।

बताया गया है कि होटल के फैमिली केबिन में अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी पहले से मौजूद थे।

आरोप है कि बातचीत के दौरान जब बलिराम धरमानी ने चार करोड़ रुपये देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। शिकायत में अन्य आरोपियों पर भी धमकी देने में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

कारोबारी का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उन्हें रायपुर में नहीं रहने देने की बात भी कही गई।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला, पुलिस ने शुरू की जांच

बलिराम धरमानी की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 351(3), 296, 115(2), 61(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। शिकायत में चार करोड़ रुपये की कथित रंगदारी, आपराधिक साजिश, ब्लैकमेलिंग, धमकी और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.