महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द में कार्रवाई के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में आबकारी विभाग के दो सब इंस्पेक्टर (SI), एक आरक्षक और एक सेल्समैन के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें सेल्समैन ललित राजपूत की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग को बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द के डुमानी पारा में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार सुबह छह सदस्यीय टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची। टीम जब अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टीम को निकाला
घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए आबकारी विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। मारपीट में घायल कर्मचारियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सेल्समैन ललित राजपूत को बेहतर इलाज के लिए महासमुंद रेफर कर दिया गया।
आबकारी टीम ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद आबकारी विभाग की टीम ने बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची सरकारी टीम के साथ हुई इस मारपीट की घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

.gif)