भिलाई। दुर्ग जिले के रिसाली भांठा स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में चोरी और आगजनी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 3 हजार रुपये चोरी किए और फिर वारदात के सबूत मिटाने के इरादे से मंदिर के पास बने सामान भंडारण कक्ष में आग लगा दी। आगजनी में फ्रिज, राशन, भंडारा सामग्री, बर्तन, पलंग, सोफा और कूलर समेत कई सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। नेवई पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 27 वर्षीय आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
रात में दिया वारदात को अंजाम, सुबह सामने आई आगजनी
पुलिस के मुताबिक, घटना 25 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। रिसाली भांठा चार टंकी के पास स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में रात को ताला लगाकर मंदिर से जुड़े लोग अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे तो पास में बने सामान भंडारण कक्ष से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
आग पर काबू पाने के बाद अंदर का नजारा देखकर लोग हैरान रह गए। कमरे में रखा फ्रिज, राशन, भंडारा सामग्री, बर्तन, पलंग, सोफा, कूलर और अन्य सामान जलकर खराब हो चुके थे। जांच के दौरान मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला और दानपेटी में रखे करीब 3 हजार रुपये भी गायब थे।
तोड़फोड़ की आवाज सुनकर बाहर आया गवाह, आरोपी की हुई पहचान
घटना के बाद प्रार्थी प्रदीप महानंद ने 26 नवंबर को नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(छ), 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला। घटनास्थल के पास रहने वाले गवाह उत्तम सिंह ठाकुर ने बताया कि 25 नवंबर की रात उसे मंदिर की ओर से तोड़फोड़ की आवाज सुनाई दी थी। आवाज सुनकर जब वह बाहर आया तो उसने मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को वहां देखा और पहचान लिया।
28 नवंबर को रिसाली भांठा से आरोपी गिरफ्तार
गवाह के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 28 नवंबर को रिसाली भांठा से मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू (27 वर्ष) को पकड़ लिया।
पुलिस ने पूछताछ और जांच में अपराध में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
मंदिर में चोरी के बाद सबूत मिटाने के लिए आगजनी किए जाने की इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

.gif)