रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रस्तावित राज्य स्तरीय बैठक के कार्यक्रम में बदलाव किया है। पहले यह बैठक 27 नवंबर को आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे एक दिन पहले यानी 26 नवंबर 2026 को बुलाया गया है। इस बैठक में प्रदेश के पांचों संभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित निर्देश के मुताबिक, बैठक गुरुवार दोपहर 2:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसकी अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह करेंगे। बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों की संभागवार समीक्षा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों से जमीनी स्तर पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाएगी।
आज दोपहर 2:30 बजे होगी हाईलेवल बैठक
निर्वाचन आयोग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के संभागायुक्तों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आधिकारिक पत्र जारी किया है। सभी अधिकारी नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में जुड़ेंगे।
बैठक में चुनावी प्रक्रिया को सुचारु और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। आयोग की ओर से सभी संभागों से चुनाव संबंधी तैयारियों का विस्तृत फीडबैक लिया जाएगा।
17 नवंबर को जारी हुआ था पहला आदेश
गौरतलब है कि राज्य निर्वाचन आयोग ने इससे पहले 17 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 1291 जारी कर समीक्षा बैठक के लिए 27 नवंबर की तारीख निर्धारित की थी। हालांकि, अपरिहार्य प्रशासनिक कारणों के चलते कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। अब यह बैठक 27 नवंबर के बजाय 26 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर-एसपी और IG को भी रहना होगा मौजूद
आयोग ने बैठक में संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी संभागायुक्तों को अपने संभाग के पुलिस महानिरीक्षक (IG), जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों (SP), उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग ऑफिसर्स को संशोधित कार्यक्रम की तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
इसके अलावा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य जरूरी अधिकारियों को भी बैठक में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदाता सूची से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक होगी समीक्षा
इस हाईलेवल बैठक में चुनावी तैयारियों के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें मतदाता सूची की स्थिति, मतदान केंद्रों की उपलब्धता, चुनावी संसाधन, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां शामिल हो सकती हैं।
आयोग का फोकस यह सुनिश्चित करने पर रहेगा कि आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हों। बैठक में अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

.gif)