Media24Media.com: नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम! बीजापुर के जंगल से 711 BGL सेल बरामद, IED को लेकर अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम! बीजापुर के जंगल से 711 BGL सेल बरामद, IED को लेकर अलर्ट

Document Thumbnail

 बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन में जवानों ने माओवादियों के डंप से 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं। विस्फोटक सामग्री की यह बड़ी खेप थाना उसूर क्षेत्र के ताड़ापाला के जंगलों में छिपाकर रखी गई थी। बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। साथ ही आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में बारूदी सुरंग और अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका जताई है।


ताड़ापाला के जंगल में सर्चिंग के दौरान मिली विस्फोटक सामग्री

जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम को विश्वसनीय सूत्रों से माओवादियों द्वारा विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर जवानों ने थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत FOB ताड़ापाला के आसपास के जंगलों में सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान FOB ताड़ापाला से करीब 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप तलाशी ली गई। यहां माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल बरामद हुए।

सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लिए गए 711 BGL सेल

सर्चिंग के दौरान मिली विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सुरक्षित कब्जे में लिया गया। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को माओवादियों की विस्फोटक सामग्री जमा करने की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में जाने से बचें, IED का खतरा

बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि फिलहाल कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में जाने से परहेज करें।

सुरक्षा बलों के मुताबिक, इस क्षेत्र में अब भी बारूदी सुरंग (IED) या अन्य विस्फोटक सामग्री छिपी होने की आशंका है। ऐसे में पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में आवाजाही करना खतरनाक हो सकता है।

क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से भविष्य की निर्धारित कार्ययोजना के तहत डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए संभावित बारूदी सुरंगों और विस्फोटक सामग्री की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय किया जाएगा।

सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.