Media24Media.com: लाफिन खुर्द में 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, गोवर्धन पूजा पर श्रीफल भेंट कर किया अभिनंदन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

लाफिन खुर्द में 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, गोवर्धन पूजा पर श्रीफल भेंट कर किया अभिनंदन

Document Thumbnail

सामूहिक रूप से मनाया गया गोवर्धन पूजा पर्व, राऊत और सुआ नृत्य ने मोहा मन

महासमुंद- गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर ग्राम लाफिन खुर्द में सामूहिक गोवर्धन पूजा एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर लाफिन खुर्द और लाफिन कला के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को तिलक लगाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय हाई स्कूल लाफिन खुर्द के प्राचार्य भरत साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधान पाठक अरुण कुमार बंसोर ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्राचार्य दुलार सिंह ध्रुव, सरपंच जानकी सुंदर साहू एवं उपसरपंच शिवकुमार निषाद उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि गांव के अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान करना एक सराहनीय पहल है। विभिन्न शासकीय विभागों में सेवाएं देकर ये लोग न केवल अपने परिवार, बल्कि गांव का नाम भी रोशन कर रहे हैं। ऐसे आयोजन से नई पीढ़ी को शिक्षा, मेहनत और प्रशासनिक सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने इस परंपरा को भविष्य में भी जारी रखने की बात कही।

इस दौरान लाफिन खुर्द एवं लाफिन कला के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी सेवाओं और कार्यक्षेत्र की जानकारी साझा की। इसके बाद सभी का गोवर्धन तिलक लगाकर तथा श्रीफल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए मंत्रालय में पदस्थ सहायक अनुभाग अधिकारी लोकेश्वर कुमार साहू ने सभी को अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने का संदेश दिया। वहीं लाफिन कला के राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक महेन्द्र पटेल ने अधिकारी-कर्मचारियों से गांव के होनहार एवं जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनकी शिक्षा में सहयोग देने के लिए आगे आने की अपील की।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। यादव भाइयों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक राऊत नृत्य और बालिकाओं की मनमोहक सुआ नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। उपस्थित ग्रामीणों और अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

अंत में सरपंच प्रतिनिधि सुंदरलाल साहू ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और भी भव्य एवं बेहतर स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक महेन्द्र पटेल एवं गोवर्धन प्रसाद साहू ने किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.