आरंग- खमतराई संकुल के अंतर्गत हाई स्कूल, पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला खमतराई में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आनंद मेले एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपनी कला, प्रतिभा और पाक-कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के लिए कुर्सी दौड़, रंगोली और मेहंदी जैसी विभिन्न रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं पालकों के लिए रस्साकशी और कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
आनंद मेले का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टाल रहे। बच्चों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ आधुनिक खानपान के स्वाद भी परोसे। स्टालों में मंगोड़ी, भजिया, फरा, चीला, समोसा, दूध फरा, मिर्ची भजिया, दही बड़ा, मोमोज, चाट, गुपचुप, फ्रूट शेक, सलाद और अंकुरित चना सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध रहे। इन स्टालों पर शिक्षकों, पालकों और आगंतुकों की खूब भीड़ उमड़ी। लोगों ने बच्चों के पाक-कौशल की सराहना करते हुए व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संकुल प्राचार्य टिकेश्वरी चंद्राकर एवं संकुल समन्वयक हरीश दीवान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, टीम भावना, आपसी सहयोग और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है। ऐसे मंच बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल के समस्त शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता, सहयोग और मार्गदर्शन सराहनीय रहा। आयोजन ने विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षकों और ग्रामीणों को एक साथ जोड़ते हुए यादगार एवं आनंदमय वातावरण निर्मित किया।
इस अवसर पर कोमन नारायण साहू, चंदू लाल साहू, शाला प्रबंधन समिति खमतराई के अध्यक्ष बिशन लहरी, उपसरपंच ज्ञानचंद लोधी, सनत साहू, सीताराम राम साहू, संकुल प्राचार्य टिकेश्वरी चंद्राकर, प्रधान पाठक नरसिंह दास मानिकपुरी, संकुल समन्वयक हरीश दीवान, शिक्षक सी.एल. एनेस्वरी, सीमा राठौर, बबीता लहरे, लायक सिंह डहरिया, तारकेश्वर डडसेना, पुनेश्वर साहू, हेमा बंजारे, सौरभ साहू, भूषण जलछत्री, कमल सिंह राठौर, दिलहरन साहू, मोहित साहू, अनीता साहू, सुशील कुमार लहरी, हितेश साहू, सुनीता साहू, झांसी बाई लहरी, सरस्वती साहू सहित संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


.gif)