Media24Media.com: 4% मुनाफे का लालच, 3.12 करोड़ की चपत! धमतरी का ठग इंदौर से गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

4% मुनाफे का लालच, 3.12 करोड़ की चपत! धमतरी का ठग इंदौर से गिरफ्तार

Document Thumbnail

 धमतरी। शेयर मार्केट और ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ‘वेल्थ ट्रैकर’ का संचालक विक्रम सिंह शाह लंबे समय से फरार था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया। अब तक की जांच में 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।


हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफे का देता था लालच

पुलिस के मुताबिक, आरोपी धमतरी के कलेक्ट्रेट रोड स्थित ‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय के माध्यम से लोगों को शेयर मार्केट और ट्रेडिंग ऐप में निवेश करने के लिए प्रेरित करता था। वह निवेश की रकम पर हर महीने 4 प्रतिशत ब्याज या मुनाफा देने का भरोसा दिलाता था। निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा तैयार करवाता और सुरक्षा के नाम पर बैंक चेक भी देता था।

शुरुआत में कुछ महीनों तक निवेशकों को मुनाफे की रकम देकर उनका भरोसा जीतता रहा। इसके बाद जब लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी तो आरोपी मूलधन और मुनाफे की रकम लौटाए बिना फरार हो गया।

एक ही परिवार से निवेश कराए 25 लाख रुपये

इस मामले में शिवकुमार साहू (62), निवासी वार्ड क्रमांक 13, गुरूर जिला बालोद ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उन्होंने और उनके परिजनों ने आरोपी के पास कुल 25 लाख रुपये निवेश किए थे। मामला धमतरी सिटी कोतवाली क्षेत्र का होने के कारण केस डायरी आगे की विवेचना के लिए सिटी कोतवाली पुलिस को सौंपी गई। इसके बाद अपराध क्रमांक 214/2026, धारा 420 भादंवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

कई निवेशकों से लाखों रुपये की वसूली

पुलिस जांच में कई अन्य पीड़ितों से भी बड़ी रकम लेने की जानकारी सामने आई है। प्रमुख निवेशकों की रकम इस प्रकार है:

  • संगीता सिन्हा – 81 लाख रुपये

  • अंबिका प्रसाद सोनवानी – 60 लाख रुपये

  • भूषण सिन्हा – 28 लाख रुपये

  • चेतन सिन्हा – 16 लाख रुपये

  • प्रभुलाल सिन्हा – 12 लाख रुपये

इनके अलावा भी कई निवेशकों से रकम लेने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अब तक सामने आई कुल धोखाधड़ी की राशि 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक है।

तकनीकी जांच से इंदौर में मिला आरोपी का ठिकाना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के इंदौर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 29 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह शाह (37 वर्ष), पिता हरभजन सिंह, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, हटकेशर, धमतरी के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रायपुर के अमलीडीह स्थित क्लासिक टॉवर में रह रहा था।

मोबाइल, टैबलेट और निवेश से जुड़े दस्तावेज जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शेयर ट्रेडिंग में इस्तेमाल किए जाने वाले दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, निवेशकों से संबंधित नोटरीकृत इकरारनामे और बैंक चेक जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निवेशकों से हासिल की गई करोड़ों रुपये की रकम कहां और किन खातों में ट्रांसफर की गई। इसके अलावा धोखाधड़ी के इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

धमतरी पुलिस की निवेशकों से अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट, ट्रेडिंग या अन्य निवेश योजनाओं में निश्चित और असामान्य रूप से अधिक मासिक मुनाफा देने का दावा करने वालों से सतर्क रहें। किसी भी संस्था या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिकता और विश्वसनीयता की जांच जरूर करें। वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.