Media24Media.com: बैंककर्मी युवती से लूट, नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल और स्कूटी जब्त

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बैंककर्मी युवती से लूट, नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल और स्कूटी जब्त

Document Thumbnail

 बिलासपुर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोरी डैम के आसपास जंगल में बैंककर्मी युवती और उसके दोस्त को रोककर मारपीट व लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। कोटा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मामले में दो युवकों समेत एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है।


बैंक के काम से कोटा आई थी युवती

पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर शहर की 23 वर्षीय बैंककर्मी युवती 23 सितंबर को अपने साथियों के साथ बैंक संबंधी काम से कोटा आई थी। काम पूरा होने के बाद वह अपने साथियों के साथ घूमने के लिए कोरी डैम गई थी।

इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने युवती के दोस्त के साथ मारपीट की और उसका बैग व मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

युवती की शिकायत पर कोटा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से मिले इनपुट के साथ तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाका चौक के पास तीन युवक स्कूटी से घूम रहे हैं और लूटा गया मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में वारदात का खुलासा

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कोटा के कुंवारीमुड़ा निवासी गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29), रतनपुर क्षेत्र के घासीपुर निवासी रामजी यादव (38) और एक नाबालिग के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने कोरी डैम के पास बैंककर्मी युवती और उसके दोस्त से लूट की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। घटना में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त की गई है।

दो आरोपी जेल भेजे गए, नाबालिग बाल संप्रेषण गृह भेजा

पुलिस ने दोनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग आरोपी को नियमानुसार बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.