Media24Media.com: CG NEWS : पिछड़ा वर्ग समाज की बड़ी रैली, 27% आरक्षण समेत 3 मांगों को लेकर प्रदर्शन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : पिछड़ा वर्ग समाज की बड़ी रैली, 27% आरक्षण समेत 3 मांगों को लेकर प्रदर्शन

Document Thumbnail

 कोंडागांव। 27 प्रतिशत आरक्षण समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने शनिवार को कोंडागांव में बड़ा प्रदर्शन किया। जिले के विकास नगर स्टेडियम में आयोजित आंदोलन में करीब 12 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। इससे पहले समाज के लोगों ने शहर में रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।


प्रदेशभर में सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की ओर से अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आंदोलन के दूसरे चरण के तहत कोंडागांव में प्रदर्शन आयोजित किया गया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विकास नगर स्टेडियम पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया।

इन तीन मांगों को लेकर आंदोलन

सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की ओर से मुख्य रूप से तीन मांगें उठाई जा रही हैं। इनमें छत्तीसगढ़ में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करना, पेसा कानून में पिछड़ा वर्ग को शामिल करना और जातिगत जनगणना के सर्वे फॉर्म में पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम व कोड निर्धारित करना शामिल है।

समाज के संभागीय अध्यक्ष तरुण सिंह ने कहा कि अपने अधिकारों और समाज के विकास से जुड़ी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में लोग कोंडागांव पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि समाज लंबे समय से 27 प्रतिशत आरक्षण सहित अन्य मांगों को लेकर आवाज उठा रहा है।

कांकेर के बाद कोंडागांव, अब सुकमा में प्रस्तावित आंदोलन

पदाधिकारियों के मुताबिक आंदोलन के पहले चरण में कांकेर में प्रदर्शन किया गया था। दूसरे चरण में कोंडागांव में रैली और सभा आयोजित की गई। आगामी चरण में सुकमा में आंदोलन प्रस्तावित है। इसके बाद संभागवार चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही गई है।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सुरक्षा के किए गए व्यापक इंतजाम

बड़ी संख्या में लोगों के प्रदर्शन में शामिल होने को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। आयोजन स्थल और रैली के मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई, ताकि यातायात और कानून-व्यवस्था को नियंत्रित रखा जा सके।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.