Media24Media.com: CG NEWS ; तेंदुए की आहट से दहशत, CCTV में गुर्राहट जैसी आवाज रिकॉर्ड; वन विभाग अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS ; तेंदुए की आहट से दहशत, CCTV में गुर्राहट जैसी आवाज रिकॉर्ड; वन विभाग अलर्ट

Document Thumbnail

 कवर्धा। शहर में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ गई है। जी-श्याम नगर कॉलोनी में रात करीब पौने दो बजे सीसीटीवी कैमरे में गुर्राहट जैसी आवाज रिकॉर्ड होने के बाद इलाके में तेंदुए की हलचल की चर्चा शुरू हो गई। पिछले दो महीनों में रिहायशी इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर यह तीसरी बार चर्चा सामने आई है। हालांकि, ताजा मामले में शहर के भीतर तेंदुए की मौजूदगी की वन विभाग ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एहतियात के तौर पर विभागीय अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


दो तेंदुओं के घूमने की भी चर्चा

जी-श्याम नगर कॉलोनी में आवाज रिकॉर्ड होने के बाद स्थानीय लोग सतर्क हो गए हैं। इलाके में दो तेंदुओं के एक साथ घूमने की भी चर्चा है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल लोगों से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना वन विभाग को देने की अपील की गई है।

दो सप्ताह पहले अस्पताल में घुसा था तेंदुआ

कवर्धा में वन्यजीवों की रिहायशी क्षेत्रों में आवाजाही का मामला नया नहीं है। करीब दो सप्ताह पहले शहर के स्नेहा हॉस्पिटल परिसर में एक तेंदुआ घुस गया था। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में वह सीढ़ियों से उतरकर परिसर में घूमता दिखाई दिया था।

इस दौरान तेंदुए ने यशोदा बाई नामक महिला पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इसके बाद वह महिलाओं के वॉशरूम में छिप गया। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया था। इस घटना के बाद शहर में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

बटालियन के गेट के पास दिखे थे दो तेंदुए

इससे पहले शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर सरेखा स्थित 17वीं बटालियन के मुख्य द्वार के सामने भी दो तेंदुओं की मौजूदगी सामने आई थी। वायरल सीसीटीवी फुटेज में दोनों तेंदुए एक कुत्ते का शिकार करते और उसे जंगल की ओर ले जाते दिखाई दिए थे। बटालियन परिसर भोरमदेव अभयारण्य के जंगलों से लगा हुआ है।

भोरमदेव अभयारण्य में तेंदुओं की मौजूदगी

जानकारों के मुताबिक, भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र में 70 से अधिक तेंदुए मौजूद हैं। हाल के महीनों में जैतपुरी सहित आसपास के गांवों में भी तेंदुओं की आवाजाही की खबरें सामने आई हैं। जंगल से लगे गांवों और रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी से मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका बनी रहती है।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध आवाज, वीडियो या वन्यजीव की मौजूदगी से जुड़ी सूचना की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे, तो उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

फिलहाल जी-श्याम नगर में रिकॉर्ड हुई आवाज की पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में लोगों की नजर वन विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.