Media24Media.com: शिक्षक से विधायक तक का सफर थमा, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 साल की उम्र में निधन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

शिक्षक से विधायक तक का सफर थमा, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 साल की उम्र में निधन

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में शुक्रवार को अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और फेफड़ों की बीमारी के चलते अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन, राजनीतिक जगत और अहिवारा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


विधायक के निधन की सूचना मिलते ही स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक ललित चंद्राकर सहित भाजपा के कई नेता उनके परिजनों से मिलने पहुंचे। वहीं, मिली जानकारी के अनुसार उनकी धर्मपत्नी कमला कोर्सेवाड़ा को तत्काल उनके निधन की सूचना नहीं दी गई थी।

26 साल तक शिक्षक के रूप में दी सेवाएं

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का सार्वजनिक जीवन शिक्षा के क्षेत्र से शुरू हुआ था। 12 अगस्त 1948 को जन्मे कोर्सेवाड़ा ने राजनीति में आने से पहले करीब 26 वर्षों तक शिक्षा विभाग में सेवाएं दीं। उन्होंने वर्ष 1972 में सहायक शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद व्याख्याता के पद पर भी अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1998 में वे शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए।

शिक्षा विभाग में लंबी पारी खेलने के बाद उन्होंने राजनीति का रुख किया और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान के लिए उन्हें गुरु घासीदास सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।

2008 में पहली बार पहुंचे विधानसभा, 2023 में फिर दर्ज की जीत

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर अहिवारा विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। उन्होंने चुनाव जीतकर दूसरी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया।

वर्ष 2023 में 75 वर्ष की उम्र में विधायक निर्वाचित होने के बाद वे छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के सबसे उम्रदराज सदस्यों में शामिल रहे। उनके अनुभव को देखते हुए अक्टूबर 2025 में उन्हें छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने 25 नवंबर 2025 को मंत्रालय में पदभार ग्रहण किया था।

किरण सिंह देव ने जताया शोक, भाजपा के लिए बताया अपूरणीय क्षति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक का निधन अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और स्तब्ध करने वाला है।

उन्होंने कहा कि कोर्सेवाड़ा का पूरा जीवन जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा। उनका निधन भाजपा परिवार और छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

किरण सिंह देव ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

अहिवारा में शोक का माहौल

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर दुख जताया है। शिक्षक के रूप में 26 वर्षों की सेवा से लेकर दो बार विधायक बनने तक का उनका सफर क्षेत्र के सार्वजनिक जीवन में लंबे योगदान के रूप में याद किया जाएगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.