Media24Media.com: कन्या छात्रावास में हड़कंप: अधीक्षक गायब, खाना नहीं मिला तो 38 छात्राओं को घर ले गए परिजन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कन्या छात्रावास में हड़कंप: अधीक्षक गायब, खाना नहीं मिला तो 38 छात्राओं को घर ले गए परिजन

Document Thumbnail

 मानपुर-मोहला। मानपुर ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र नवागांव स्थित शासकीय प्री-कन्या छात्रावास में रविवार को अव्यवस्था का मामला सामने आया। छात्रावास अधीक्षक के ड्यूटी पर मौजूद नहीं होने के दौरान भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई। शाम को भोजन नहीं मिलने से नाराज छात्राओं के परिजन छात्रावास पहुंचे और 40 में से 38 छात्राओं को अपने साथ घर ले गए। फिलहाल छात्रावास में दो छात्राओं के ही रहने की जानकारी है।


अधीक्षक की अनुपस्थिति से बिगड़ी व्यवस्था

स्थानीय लोगों के अनुसार, छात्रावास अधीक्षक बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित थीं। उनके नहीं रहने के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने का आरोप है। रविवार शाम रसोई में भोजन नहीं बनने की जानकारी सामने आने के बाद छात्राओं और कर्मचारियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई।

मामले की जानकारी मिलने पर कई अभिभावक छात्रावास पहुंचे। बच्चों की सुरक्षा और भोजन व्यवस्था को देखते हुए उन्होंने अपनी बेटियों को घर ले जाना उचित समझा। बताया गया कि छात्रावास में कुल 40 बालिकाएं दर्ज हैं, जिनमें से 38 छात्राएं अपने परिजनों के साथ घर लौट गईं।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी छात्रावास पहुंचे। उन्होंने छात्राओं के भोजन, सुरक्षा और नियमित देखरेख को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

स्थानीय निवासी हेमंत कुमार मेश्राम ने बताया कि शाम के समय कई छात्राओं को अपने माता-पिता के साथ घर जाते देखा गया। कर्मचारियों से जानकारी लेने पर अधीक्षक के अनुपस्थित होने की बात सामने आई।

वहीं ग्रामीण कृष्णा मोहुरले ने कहा कि छात्रावास में आसपास के गांवों की छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। कई छात्राएं 10 से 15 किलोमीटर दूर से आती हैं। ऐसे में छात्रावास में भोजन, सुरक्षा और नियमित देखरेख जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित होना जरूरी है।

शिक्षा मंत्री के दौरे से पहले मामला आया सामने

मामला ऐसे समय सामने आया है, जब सोमवार को शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के जिले में प्रथम आधिकारिक आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मंत्री के दौरे से ठीक पहले सरकारी कन्या छात्रावास में सामने आई अव्यवस्था ने विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने छात्रावास में तत्काल जिम्मेदार अधीक्षक की व्यवस्था करने के साथ ही भोजन, सुरक्षा और दैनिक देखरेख की व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।

प्रशासनिक जांच से स्थिति होगी स्पष्ट

अधीक्षक की अनुपस्थिति, भोजन व्यवस्था प्रभावित होने और छात्राओं के घर लौटने की परिस्थितियों की जांच की मांग की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अधीक्षक के अनुपस्थित रहने की वजह क्या थी और उनकी गैरमौजूदगी में वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई। इन बिंदुओं पर प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.