Media24Media.com: BRICS समिट के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, आज PM मोदी से होगी मुलाकात

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

BRICS समिट के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, आज PM मोदी से होगी मुलाकात

Document Thumbnail

तीन दिवसीय भारत दौरे पर रूसी राष्ट्रपति, BRICS बिजनेस फोरम को करेंगे संबोधित; INNOPROM प्रदर्शनी का भी करेंगे दौरा


नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तीन दिवसीय भारत दौरे पर देर रात दिल्ली पहुंचे। वह 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। पुतिन के भारत पहुंचने से पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव भी दिल्ली पहुंच चुके हैं।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के अधिकारी यूरी उशाकोव के मुताबिक, पुतिन शुक्रवार को BRICS बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।

पालम एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

रूसी राष्ट्रपति के दिल्ली पहुंचने पर पालम एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुतिन के भारत आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और रूस के बीच लंबे समय से बहुआयामी संबंध हैं। दोनों देशों के बीच संबंध ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ पर आधारित हैं।

PM मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात

पुतिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा दोनों नेता भारत और रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालयों की ओर से आयोजित INNOPROM India Exhibition का दौरा भी करेंगे।

BRICS शिखर सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होगा। इसमें सदस्य देशों के नेता भारत की अध्यक्षता में प्रस्तावित विभिन्न पहलों और संगठन की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

राजनीति, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर होगी चर्चा

शिखर सम्मेलन में राजनीति एवं सुरक्षा, अर्थव्यवस्था एवं वित्त तथा सांस्कृतिक एवं मानवीय सहयोग के क्षेत्रों में BRICS साझेदारी को मजबूत करने पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही नेता मौजूदा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

पुतिन समिट से इतर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी समेत कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात भी करेंगे।

13 सितंबर को होगी Expanded BRICS बैठक

13 सितंबर को Expanded BRICS बैठक प्रस्तावित है। इसमें सदस्य देशों और पार्टनर देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों के साथ आमंत्रित देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख भी शामिल होंगे। सम्मेलन में हुई प्रमुख चर्चाओं और सहमतियों को अंतिम दस्तावेज में शामिल किए जाने की उम्मीद है।

शी जिनफिंग भी होंगे BRICS समिट में शामिल

चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग भी BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत पहुंचेंगे। उनके दौरे को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शी जिनफिंग के साथ द्विपक्षीय बातचीत प्रस्तावित है।

दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय में होगी, जब भारत और चीन के बीच व्यापार, निवेश और सीमा से जुड़े मुद्दे लगातार चर्चा में हैं। दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में उच्चस्तरीय बातचीत का दौर भी जारी रहा है।

पुतिन से लेकर पेजेश्कियान तक, कई नेताओं से मिलेंगे मोदी

BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और अन्य वैश्विक नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

भारत की BRICS अध्यक्षता में होने वाला यह शिखर सम्मेलन वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं, आर्थिक सहयोग और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.