Media24Media.com: महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खैर लकड़ी केस में 81 लाख नकद बरामद

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खैर लकड़ी केस में 81 लाख नकद बरामद

Document Thumbnail

 महासमुंद। खैर (कत्था) लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC तैयार करने के मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जेल में बंद आरोपी मनीष अग्रवाल के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुड़पार सरसीवां स्थित मकान पर छापा मारकर 81 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद रकम 500-500 रुपए के नोटों की 162 गड्डियों में रखी हुई थी।


पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर 7 सितंबर को आरोपी के मकान की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस ने रकम जब्त कर ली है।

23,350 किलो खैर लकड़ी के अवैध परिवहन का मामला

मामला 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा है। आरोप है कि लकड़ी के परिवहन के लिए फर्जी NOC तैयार की गई थी। इस संबंध में महासमुंद जिले के पिथौरा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी से जुड़े ठिकाने पर बड़ी मात्रा में नकदी रखे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर मकान की तलाशी ली गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद 81 लाख रुपए का संबंध खैर लकड़ी के अवैध कारोबार से है या नहीं।

अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर कुर्की की तैयारी

पुलिस ने बरामद नकदी को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए इसकी कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। पुलिस के अनुसार, इसके लिए BNSS की धारा 107 के तहत न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। न्यायालय के आदेश के बाद रकम की कुर्की को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी मनीष अग्रवाल पहले से ही मामले में जेल में बंद है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब प्रकरण की जांच और तेज कर दी गई है। पुलिस बरामद नकदी के स्रोत और खैर लकड़ी के अवैध कारोबार से उसके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.