Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में डिप्रेशन का असर, अगले दो दिन बारिश के आसार; कई जिलों में अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में डिप्रेशन का असर, अगले दो दिन बारिश के आसार; कई जिलों में अलर्ट

Document Thumbnail

 रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी हैं, जबकि बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।


मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर की सुबह 11.30 बजे डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय था। यह पिछले छह घंटे में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का असर

दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। इसके चलते जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। वहीं राजधानी रायपुर में मंगलवार रात मौसम में बदलाव देखने को मिला, लेकिन उमस और गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली।

कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 10 बजे तक कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कवर्धा में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर बारिश हुई। राजपुर और कोटा में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।

राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में भी बारिश की संभावना

राजधानी रायपुर में 23 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर न रहने तथा मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.