Media24Media.com: पूजा को लेकर विवाद बना खूनी वारदात की वजह, पत्नी-पुजारियों की हत्या के बाद आरोपी का एनकाउंटर

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पूजा को लेकर विवाद बना खूनी वारदात की वजह, पत्नी-पुजारियों की हत्या के बाद आरोपी का एनकाउंटर

Document Thumbnail

 आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पत्नी और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या करने के बाद बच्चों को बंधक बनाकर कमरे में छिपे आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। करीब सात घंटे तक चले हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद कमांडो टीम ने आरोपी अरविंद सिंह को काबू करने के लिए कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग में गोली लगने से अरविंद घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में आरोपी का एक बच्चा भी गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि दो बच्चे सुरक्षित हैं।


घटना अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी गांव की है। पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब छह बजे अरविंद सिंह बाजार से अपने घर पहुंचा था। उस समय घर में उसकी पत्नी बबीता सिंह (40), मां समला देवी (70) और तीन बच्चे मौजूद थे। घर में कुछ पुजारी धार्मिक अनुष्ठान करा रहे थे।

पूजा को लेकर हुआ विवाद

बताया गया कि घर में चार दिन की पूजा का आयोजन किया गया था। मंगलवार शाम अरविंद के घर पहुंचने पर उसने पूजा को लेकर पंडितों से सवाल-जवाब शुरू कर दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अरविंद ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर पहले पत्नी बबीता सिंह को गोली मारी। इसके बाद पूजा करा रहे पंडित महेंद्र पाठक (60) और अखिलेश मिश्रा (55) पर भी फायरिंग कर दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा होने लगी। इसके बाद अरविंद अपने तीन बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में बंद हो गया।

पुलिस ने घेर लिया था पूरा मकान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान को चारों तरफ से घेर लिया। आरोपी को लगातार सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन वह बाहर नहीं आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। देर रात वाराणसी जोन के एडीजी नवीन अरोड़ा ने घटनास्थल का जायजा लिया।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कमांडो टीम को भी मौके पर बुलाया गया। रात करीब 12:30 बजे कमांडो टीम ने मोर्चा संभाला और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

करीब 15 मिनट चली फायरिंग

पुलिस के अनुसार, कमांडो टीम के पहुंचने के बाद आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में कमांडो टीम ने भी गोली चलाई। करीब 15 मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही। इसके बाद आरोपी की ओर से गोली चलना बंद हो गया।

कमांडो टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो अरविंद घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस दौरान एक बच्चा भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि दो अन्य बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं।

पूजा को लेकर पहले से नाराज था आरोपी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में पूजा कराने को लेकर अरविंद पहले से नाराज था। पूजा करा रहे एक पंडित के मुताबिक, परिवार की ओर से चार दिन की पूजा रखी गई थी और बुधवार को पूर्णाहुति होनी थी। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर अरविंद का पत्नी और पुजारियों से विवाद हुआ था।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन के मुताबिक, आरोपी पूजा-पाठ कराए जाने का विरोध कर रहा था। विवाद बढ़ने के बाद उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी और दोनों पुजारियों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वह बच्चों के साथ कमरे में बंद हो गया।

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की पूरी वजह और फायरिंग के दौरान हुई परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.