Media24Media.com: ATR के प्रतिबंधित क्षेत्र में जाना पड़ा भारी, बाघिन के हमले में युवक की मौत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ATR के प्रतिबंधित क्षेत्र में जाना पड़ा भारी, बाघिन के हमले में युवक की मौत

Document Thumbnail

 मुंगेली। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में मशरूम (पिहरी) लेने गए 23 वर्षीय युवक की बाघिन के हमले में मौत हो गई। घटना के समय बाघिन अपने दो शावकों के साथ इलाके में मौजूद थी। हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सख्त हिदायत दी है।


दोस्तों के साथ जंगल गया था युवक

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे (23) अपने साथियों भानु प्रताप, शिवशंकर ध्रुव, दशरथ धृतलहरे और रामफल धृतलहरे के साथ 24 अगस्त को मशरूम लेने जंगल गया था। सभी युवक जोगीपुर परिसर के पाड़ाडोंगरी के पास पहुंचे थे।

इसी दौरान दो शावकों के साथ मौजूद बाघिन ने युवकों पर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ाया। भागने के दौरान धर्मजीत बाघिन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि बाघिन ने उसकी गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथियों ने उसे बचाने और जंगल से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

वन विभाग और पुलिस ने बरामद किया शव

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। एटीआर के एसडीओ समीर जोनाथन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाघिन के हमले से युवक की मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और स्पष्ट होगी।

शावकों के साथ आसपास मौजूद है बाघिन

वन विभाग के अनुसार, बाघिन अभी भी अपने दोनों शावकों के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद है। इसे देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सख्त हिदायत दी गई है। वनकर्मी और स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) इलाके में लगातार निगरानी कर रहे हैं।

31 अक्टूबर तक प्रतिबंधित है प्रवेश

वन विभाग के अनुसार, मानसून अवधि में 15 जून से 31 अक्टूबर तक टाइगर रिजर्व के कोर और प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। इसके बावजूद युवक अन्य साथियों के साथ जंगल में प्रवेश कर गया था।

वन विभाग और STPF की ओर से ग्रामीणों को लगातार प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की समझाइश दी जा रही है। विभाग ने अपील की है कि बारिश के मौसम में जंगल और वन्यजीवों के संभावित इलाकों में अनावश्यक रूप से न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.