Media24Media.com: छह महीने पुरानी हत्या का खुलासा: जीजा की हत्या कर नाले किनारे रेत में दफनाया शव, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छह महीने पुरानी हत्या का खुलासा: जीजा की हत्या कर नाले किनारे रेत में दफनाया शव, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

Document Thumbnail

 मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र में करीब छह महीने पहले हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक कदम भुआर्य (36) की उसके साले चंदन अंधारे ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की थी। वारदात के बाद शव को कोहका नाले के किनारे रेत में दफना दिया गया था। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पत्नी से मारपीट करता था मृतक

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक को अपनी पत्नी के उसके ममेरे भाई चंदन अंधारे के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर वह अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते चंदन ने अपने साथियों के साथ मिलकर कदम भुआर्य की हत्या की साजिश रची।

शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कदम भुआर्य को शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया था। वहां गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने कोहका नाले के किनारे गड्ढा खोदकर शव को रेत में दफना दिया।

5 मार्च को मिला था शव

घटना 5 मार्च 2026 की है। भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने कोहका नाले के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही मदनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने मृतक की पहचान कदम भुआर्य, निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में की।

हैदराबाद से मुख्य आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और SDOP विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान मुख्य संदेही चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और घटना से जुड़ी जानकारी दी।

नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी चंदन अंधारे समेत नाबालिग सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस अब हत्या की साजिश, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.