Media24Media.com: रायगढ़ में 169 हाथियों का आतंक, रातों-रात 39 किसानों की धान की फसल रौंदी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

रायगढ़ में 169 हाथियों का आतंक, रातों-रात 39 किसानों की धान की फसल रौंदी

Document Thumbnail

 रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में इन दिनों 169 हाथी विचरण कर रहे हैं। बीती रात हाथियों के दल ने धरमजयगढ़ वन मंडल के विभिन्न गांवों में पहुंचकर 39 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फसलों को हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।


वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में धरमजयगढ़ वन मंडल में 140 और रायगढ़ वन मंडल में 29 हाथी अलग-अलग जंगलों में विचरण कर रहे हैं। इनमें 51 नर, 80 मादा और 38 शावक शामिल हैं।

धरमजयगढ़ वन मंडल में बीती रात हाथियों के दल ने कई गांवों में किसानों की धान की फसल को रौंद दिया। इनमें धूमामुड़ा में 5, आमगांव में 2, प्रेमनगर और क्रोधा में 10, कामोसिनडाड में 7, बकालो में 3, धावाईडाड में 4, बंगरसुता में 2, अलोला में 5 और बुरनुपाली में एक किसान की फसल को नुकसान पहुंचा है।

शाम होते ही खेतों की ओर निकलते हैं हाथी

हाथी प्रभावित गांवों के ग्रामीणों के मुताबिक, शाम होते ही हाथियों के झुंड भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर गांवों के आसपास स्थित खेतों में पहुंच जाते हैं। हाथी धान समेत अन्य फसलों को खाने के साथ पैरों से रौंदकर भी नुकसान पहुंचाते हैं। कई बार हाथियों के झुंड आबादी वाले इलाकों में पहुंचकर मकानों को भी नुकसान पहुंचा देते हैं। इससे ग्रामीणों में लगातार दहशत बनी हुई है।

ड्रोन से निगरानी, हाथी मित्र दल तैनात

जिले में हाथियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। वन विभाग की टीमों के साथ हाथी मित्र दल को भी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, प्रभावित गांवों में मुनादी और प्रचार-प्रसार के जरिए ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के झुंड के करीब न जाएं और उनकी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विभाग की ओर से ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.