Media24Media.com: RAIPUR NEWS : ज्वेलर्स में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, हथियारबंद तीन अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

RAIPUR NEWS : ज्वेलर्स में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, हथियारबंद तीन अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार

Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी पुलिस ने प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश को वारदात से ठीक पहले नाकाम कर दिया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई है। मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


रेलवे स्टेशन के पास रची जा रही थी साजिश

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्धों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे कुछ युवक संदिग्ध हालत में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों युवकों को धर दबोचा। तलाशी में उनके पास से घातक हथियार बरामद हुए।

1 अप्रैल को की थी दुकान की रेकी

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने वाले थे। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से 1 अप्रैल 2026 को कल्याण ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान उन्होंने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के इलाके और भागने के रास्तों का जायजा लिया था। फरार चल रहे दोनों साथी मोबाइल के जरिए रेकी की तस्वीरें साझा कर पूरी योजना बना रहे थे।

दिल्ली व बिहार के रहने वाले हैं आरोपी

पकड़े गए तीनों आरोपियों की उम्र महज 19 वर्ष है। इनकी पहचान देवांश शर्मा (सागरपुर, दिल्ली), सुशांत कुमार पासवान (नजफगढ़, दिल्ली) और मयंक सिंह (सिकंदरपुर, मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत बीएनएस की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।

यह सफल कार्रवाई डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देशन में गुढ़ियारी थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस अब इनके हथियार सप्लायर और फरार साथियों के नेटवर्क को खंगाल रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.