Media24Media.com: RAIPUR NEWS : ज्वेलर्स दुकान में चोरी का खुलासा, दो महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

RAIPUR NEWS : ज्वेलर्स दुकान में चोरी का खुलासा, दो महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा स्थित 'श्री गुरू ज्वेलर्स' की दीवार तोड़कर हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने महज 72 घंटे में कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।


CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी

रावतपुरा कॉलोनी (फेस-02, मठपुरैना) स्थित ज्वेलर्स दुकान के संचालक निमाई डोंडा ने 10 अगस्त की सुबह दुकान की दीवार टूटी होने और सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। शिकायत पर टिकरापारा थाने में अपराध दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 से अधिक विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी।

महिला से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में चोरी में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों—उषा उर्फ सपना खुंटे, लोकेश राव उर्फ विकास, एम. मोहन राव उर्फ मोनी और मिराज आलम—को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, लोकेश राव और एम. मोहन राव इस चोरी के मुख्य साजिशकर्ता थे। दोनों ने दुकान की रेकी करने के बाद लोकेश की पत्नी उषा, आकांक्षा और मिराज को इस योजना में शामिल किया था।

दीवार तोड़कर की थी चोरी

घटना वाली रात एम. मोहन राव और मिराज आलम दीवार तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और जेवरात समेट लिए, जबकि लोकेश बाहर निगरानी (रेकी) कर रहा था। चोरी के बाद माल को आपस में बांट लिया गया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 1 सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल की गई 2 दोपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

जांच में मुख्य आरोपी एम. मोहन राव का गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है; वह पूर्व में हत्या के 4 और चोरी के 1 मामले में जेल जा चुका है तथा हत्या के एक मामले में उसे 10 साल की सजा भी हो चुकी है। आरोपी लोकेश राव के खिलाफ दुर्ग जिले में NDPS और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं, वहीं उसकी पत्नी उषा भी टिकरापारा थाने के एक पुराने मामले में जेल जा चुकी है।

पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.