Media24Media.com: CG NEWS : बुजुर्ग महिला से दो लाख के जेवर ठगे: बस स्टैंड का रास्ता पूछकर शातिरों ने बनाया शिकार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : बुजुर्ग महिला से दो लाख के जेवर ठगे: बस स्टैंड का रास्ता पूछकर शातिरों ने बनाया शिकार

Document Thumbnail

 बिलासपुर। शहर में ठगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक बुजुर्ग महिला को अपनी बातों के जाल में फंसाकर करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर पार कर दिए। शातिरों ने पहले बस स्टैंड का पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की, फिर अपराध का डर दिखाकर जेवर सुरक्षित रखने का झांसा दिया और अंत में गहनों की जगह कागज की पोटली थमाकर रफूचक्कर हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यस्ततम नेहरू चौक के पास की है।


ऑटो में बैठाकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी घर से सब्जी खरीदने के लिए बृहस्पति बाजार जा रही थीं। नेहरू चौक के पास पहुंचते ही ऑटो में सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर बस स्टैंड का रास्ता पूछा। बातचीत चल ही रही थी कि उनका तीसरा साथी भी वहां पहुंच गया। तीनों ने महिला को बातों में उलझाया और झांसा देकर ऑटो में बैठा लिया।

'लूट हो जाएगी' का डर दिखाकर उतरवाए गहने

सफर के दौरान आरोपियों ने महिला से कहा कि खुले में सोने के गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है, क्षेत्र में लूट और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके बाद उन्होंने गहनों को कपड़े में बांधकर सुरक्षित रख लेने की सलाह दी। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपने सोने के जेवर उतारकर उन्हें सौंप दिए।

कागज की पोटली थमाकर हुए फरार

शातिरों ने बड़ी सफाई से जेवर कपड़े में बांधने का नाटक किया और कुछ दूरी पर ले जाकर जेवर की जगह कागज से भरी पोटली महिला के हाथ में थमा दी। इसके तुरंत बाद वे महिला को ऑटो से उतारकर मौके से चंपत हो गए। जब महिला ने शक होने पर पोटली खोली, तो उसमें गहने न देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित महिला ने तुरंत सिविल लाइन थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.