Media24Media.com: तालाब में डूबे दम्पति : पति को बचाने गहरे पानी में कूदी थी पत्नी, दोनों की मौके पर मौत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

तालाब में डूबे दम्पति : पति को बचाने गहरे पानी में कूदी थी पत्नी, दोनों की मौके पर मौत

Document Thumbnail

 बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब में डूब रहे पति को बचाने के लिए पत्नी ने भी गहरे पानी में छलांग लगा दी। दोनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण सफल नहीं हो सके। हादसा अमरपुर के बड़का जोभी गांव का बताया जा रहा है।


मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुनेश्वर नाग किसी काम से वन विभाग के तालाब के पास गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे तालाब में गिर गए और डूबने लगे। पति को पानी में डूबता देखकर घुघरी नाग ने उन्हें बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी।

दोनों ने पानी से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं आ सके और डूब गए। इस दौरान वहां मौजूद उनकी रिश्तेदार जसमती ने भी दंपती को बचाने के लिए पानी में उतरने की कोशिश की। हालांकि, आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जसमती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद कुसमी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तालाब में तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद मुनेश्वर नाग और घुघरी नाग के शवों को पानी से बाहर निकाला गया।

इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी वाहन की व्यवस्था कर शवों को अस्पताल ले जाना पड़ा।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.