Media24Media.com: कांग्रेस नेता हत्याकांड का खुलासा: शराब के नशे में लूट की नीयत से की गई थी वारदात, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कांग्रेस नेता हत्याकांड का खुलासा: शराब के नशे में लूट की नीयत से की गई थी वारदात, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

Document Thumbnail

 दुर्ग : रात के करीब दो बजे सुनसान दुर्ग-धमधा मार्ग पर हुई कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप (45) की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को दुर्ग पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में एक मुख्य आरोपी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि चारों आरोपियों ने पहले जमकर शराब पी और फिर राहगीरों को लूटने की नीयत से सड़क पर निकले थे।


लूट का विरोध करने पर ताबड़तोड़ चलाए चाकू

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात चारों आरोपी एक दोस्त के मकान में शराब पार्टी कर रहे थे। नशे में धुत होने के बाद आरोपियों ने काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल से दुर्ग-धमधा रोड की ओर रुख किया और किसी सुनसान जगह पर शिकार का इंतजार करने लगे।

इसी दौरान कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप अपने दो साथियों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर बहस शुरू की और प्रकाश कश्यप की जेब से नकदी व मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी आदर्श उर्फ लाल (19) ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वहीं अन्य आरोपियों ने डंडे और पाइप से प्रकाश के साथियों की पिटाई कर दी। वारदात के बाद बदमाश ₹4,000 नकद लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रकाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर मिला सुराग

शुरुआत में आरोपियों की कोई पहचान न होने के कारण यह मामला पूरी तरह से 'ब्लाइंड मर्डर' था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू (ACCU) और जेवरा सिरसा चौकी पुलिस की एक विशेष जांच टीम गठित की गई।

टीम ने घटना स्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई और धमधा मार्ग तक लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।

हथियार और लूटी गई रकम बरामद

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, डंडा, पाइप, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और लूटी गई नकदी बरामद कर ली है।

आरोपियों का मोड्स ऑपरेंडी (तरीका)

पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी देर रात सुनसान सड़कों पर बाइक सवारों को रोकते थे। पहले किसी बात पर विवाद खड़ा करते और फिर मारपीट कर पैसे व मोबाइल लूट लेते थे। विरोध करने पर जानलेवा हमला करना इनकी आदत बन चुकी थी।

मुख्य आरोपी समेत नाबालिग हिरासत में

पुलिस ने मामले में कादम्बरी नगर (मोहन नगर, दुर्ग) निवासी मुख्य आरोपी आदर्श उर्फ लाल (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। सभी के खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और टीम के त्वरित फील्ड वर्क की बदौलत इस अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.