Media24Media.com: 'गरीबों के साथ नहीं होगा अन्याय', नकटी विवाद पर बोले मंत्री केदार कश्यप

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

'गरीबों के साथ नहीं होगा अन्याय', नकटी विवाद पर बोले मंत्री केदार कश्यप

Document Thumbnail

 रायपुर, 6 जुलाई। रायपुर से लगे नकटी गांव के भूमि विवाद को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर प्रदेश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।


मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विवादित भूमि के आबंटन की प्रक्रिया वर्ष 2020 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। उन्होंने बताया कि करीब 15.47 हेक्टेयर भूमि के आबंटन का प्रस्ताव उसी समय तैयार किया गया था और नियमानुसार सभी संबंधित विभागों से आपत्तियां भी आमंत्रित की गई थीं। उनके अनुसार किसी भी विभाग ने इस प्रस्ताव पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी गांव में वर्षों के दौरान अतिक्रमण लगातार बढ़ता गया। पहले जहां लगभग 3 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण था, वह बढ़कर करीब 15 हेक्टेयर तक पहुंच गया। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस अब इसी मुद्दे को लेकर लोगों को भड़काने और धरना-प्रदर्शन की राजनीति कर रही है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसी भी गरीब परिवार के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और सरकार सभी निर्णय नियमानुसार तथा कानून के दायरे में रहकर करेगी।

केदार कश्यप ने बताया कि विवादित भूमि हाउसिंग बोर्ड के लिए प्रस्तावित है। इस भूमि का भविष्य में किस उद्देश्य से उपयोग किया जाएगा, इसका निर्णय हाउसिंग बोर्ड करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नकटी गांव में किसी भी व्यक्ति को एक इंच भूमि का व्यक्तिगत आबंटन नहीं किया गया है।

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कांग्रेस विधायकों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पत्र लिखने और बयानबाजी के माध्यम से केवल राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।

 

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.