Media24Media.com: सिम्स की लेडी डॉक्टर गिरफ्तार: मुर्दों को सांप से कटवाकर रचती थी फर्जी खेल, बिलासपुर का बड़ा मुआवजा घोटाला उजागर!

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सिम्स की लेडी डॉक्टर गिरफ्तार: मुर्दों को सांप से कटवाकर रचती थी फर्जी खेल, बिलासपुर का बड़ा मुआवजा घोटाला उजागर!

Document Thumbnail

 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कथित फर्जी स्नेक बाइट (सर्पदंश) मुआवजा घोटाले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिम्स (SIMS) की पूर्व पदस्थ महिला डॉक्टर, डॉ. प्रियंका सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डॉक्टर पर दो अलग-अलग मामलों में दुर्भावनापूर्ण तरीके से मौत का कारण सर्पदंश दर्शाते हुए फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने का गंभीर आरोप है।


इस फर्जी रिपोर्ट के आधार पर शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि को हड़पने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया है।

संदिग्ध मौत और तहसीलदार की शिकायत से खुला राज

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय के नायब नाजीर की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने निसार खान और लता सूर्यवंशी नामक दो व्यक्तियों की संदिग्ध मौत के मामलों की विस्तृत जांच शुरू की थी। इन दोनों शवों का पोस्टमार्टम डॉ. प्रियंका सोनी द्वारा किया गया था, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट में मौत की वजह सांप का काटना (Snake Bite) बताया था। हालांकि, जांच टीम को जब इन रिपोर्ट्स पर गहरा संदेह हुआ, तो उन्होंने वैज्ञानिक व दस्तावेजी साक्ष्यों को खंगाला। जांच में रिपोर्ट पूरी तरह फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कानूनी कदम उठाया।

वकील और परिजनों समेत तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

इस रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बताया कि मामले में केवल डॉक्टर ही शामिल नहीं थीं। इससे पहले पुलिस ने मृतकों के परिजनों और एक स्थानीय वकील सहित तीन अन्य आरोपियों को भी धरदबोचा है। पुलिस के मुताबिक, सरकारी मुआवजा राशि को अवैध रूप से प्राप्त करने के लिए फर्जी दस्तावेज और रिपोर्ट तैयार करने वाले इस पूरे संगठित नेटवर्क (सिंडिकेट) की कड़ियों को आपस में जोड़ा जा रहा है।

15 अन्य संदिग्ध मामलों पर टिकी जांच की सुई, कई और डॉक्टर रडार पर

बिलासपुर पुलिस के अनुसार, जिले में सर्पदंश से मौत दिखाकर सरकारी मुआवजा ऐंठने के लगभग 15 अन्य संदिग्ध मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। इस जांच के दायरे में सिम्स (SIMS) के कुछ अन्य सेवारत और पूर्व डॉक्टर भी शामिल हैं, जो पुलिस के रडार पर हैं। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जैसे-जैसे पुख्ता साक्ष्य सामने आएंगे, इस घोटाले में शामिल अन्य चेहरों के खिलाफ भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.