Media24Media.com: महादेव बेटिंग ऐप केस: टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से ED की लगातार दूसरे दिन पूछताछ

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महादेव बेटिंग ऐप केस: टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से ED की लगातार दूसरे दिन पूछताछ

Document Thumbnail

 रायपुर : करीब छह हजार करोड़ रुपये के 'महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप' से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई तेज हो गई है। ED की टीम टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में लगातार दूसरे दिन पूछताछ कर रही है। इससे पहले गुरुवार को भी उनसे करीब पांच से छह घंटे तक सघन सवाल-जवाब किए गए थे। शुक्रवार को उन्हें दोबारा कार्यालय बुलाकर कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।


वित्तीय लेन-देन और डिजिटल गतिविधियों की जांच

ED के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों द्वारा शेफाली बग्गा के वित्तीय लेन-देन, ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रचार-प्रसार, डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनके टेलीग्राम चैनल से जुड़े सवाल किए जा रहे हैं।

जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका सामने आने के बाद उन्हें समन जारी किया गया था। एजेंसी को कुछ प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और डिजिटल सामग्री मिली है, जिनमें कथित तौर पर ऑनलाइन बेटिंग ऐप का प्रचार किया गया है। इन सभी डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस सिंडिकेट से उनका जुड़ाव किस स्तर पर था।

टेलीग्राम चैनल और विदेशी नेटवर्क पर नजर

सूत्रों का कहना है कि ED शेफाली बग्गा के एक टेलीग्राम चैनल की विशेष रूप से जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं इस चैनल के माध्यम से ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट, बेटिंग टिप्स या अन्य संदिग्ध सामग्री तो साझा नहीं की जाती थी। इसके अलावा उनके मोबाइल, डिजिटल कम्युनिकेशन और बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है।

हवाला ऑपरेटर से संबंधों की पड़ताल

जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू महादेव नेटवर्क से जुड़े खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से शेफाली बग्गा के कथित संबंध हैं। ED का दावा है कि ठक्कर हवाला नेटवर्क का प्रमुख संचालक रहा है और बेटिंग कारोबार के वित्तीय प्रबंधन को देखता था। एजेंसी दोनों के बीच संभावित संपर्क, लेन-देन और विदेशी नेटवर्क से जुड़े लिंक की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही दुबई और लंदन से संचालित इस प्लेटफॉर्म के प्रचार में उनकी भूमिका और विदेशी ऑपरेटरों के साथ आर्थिक संबंधों की भी जांच जारी है।

मामले में बढ़ी सियासी तपिश

महादेव बेटिंग ऐप मामले में हाल के दिनों में जांच की रफ्तार काफी तेज हुई है। दिल्ली में भाजपा नेता विकास गर्ग के खिलाफ ED की कार्रवाई और अब शेफाली बग्गा से पूछताछ को इस मामले की अहम कड़ी माना जा रहा है।

दूसरी ओर, मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की ओमान में गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आ चुकी है। इससे पहले उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन प्रत्यर्पण की तकनीकी जटिलताओं के कारण उसे भारत नहीं लाया जा सका था। इस बीच, विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा नेता पर हुई कार्रवाई के बाद इस मामले में सत्ताधारी दल की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले दुबई के माध्यम से कथित रूप से भेजे गए 502 करोड़ रुपये के मामले पर भी ED की पैनी नजर बनी हुई है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.