Media24Media.com: RRB परीक्षा में हाईटेक नकल: डबल अंडरगारमेंट में मोबाइल छिपाकर पहुंचा युवक गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

RRB परीक्षा में हाईटेक नकल: डबल अंडरगारमेंट में मोबाइल छिपाकर पहुंचा युवक गिरफ्तार

Document Thumbnail

 रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में हाईटेक तरीके से नकल करने की एक बड़ी कोशिश का भंडाफोड़ हुआ है। रायपुर के सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में एक अभ्यर्थी डबल अंडरगारमेंट के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। आरोपी युवक परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर आ रहे प्रश्नों की तस्वीरें भी अपने मोबाइल से खींच रहा था। मामले का खुलासा होने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।


सीसीटीवी और कक्ष निरीक्षक की मुस्तैदी से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, यह घटना 15 जुलाई 2026 की है, जब थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के अंतर्गत आईडीजेड (IDZ) सरोना परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की दूसरी पाली (सेकंड शिफ्ट) आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान वहां तैनात कक्ष निरीक्षक (इनविजिलेटर) को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। संदेही पर लगातार पैनी नजर रखी गई और जब सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई, तो पुष्टि हुई कि वह परीक्षा कक्ष में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है।

जांच में खुली पोल, नागपुर का है आरोपी

कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह सुरक्षा जांच को चकमा देने के लिए डबल अंडरगारमेंट पहनकर आया था और उसी के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा केंद्र में दाखिल हुआ था। पुलिस ने जब उसके मोबाइल की जांच की, तो उसमें परीक्षा स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जो वास्तविक प्रश्नपत्र से हुबहू मेल खाती पाई गईं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अफताब (पिता: गुलाम मोहम्मद) के रूप में हुई है, जो संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और रेलवे भर्ती परीक्षा का प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जब्त कर लिया है।

कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज, सॉल्वर गैंग की आशंका

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा नवगठित 'लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024' की धारा 10(1) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि आरोपी इस धांधली को अकेले ही अंजाम दे रहा था या इसके पीछे अंतरराज्यीय सॉल्वर गैंग या किसी संगठित परीक्षा माफिया का हाथ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में किसी भी नेटवर्क की संलिप्तता सामने आने पर मामले में और भी बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.