Media24Media.com: धान की रोपाई के दौरान किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर मौत; बारिश से बिलासपुर में जनजीवन अस्त-व्यस्त

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

धान की रोपाई के दौरान किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर मौत; बारिश से बिलासपुर में जनजीवन अस्त-व्यस्त

Document Thumbnail

 बिलासपुर। जिले में रविवार को हुई तेज बारिश एक किसान के लिए जानलेवा साबित हुई। कोनी थाना क्षेत्र में खेत में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित रहा।


पुलिस के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू निवासी धरमदास यादव (65) रविवार सुबह करीब 9 बजे अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह खेत के पास सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहे थे, तभी आकाशीय बिजली उनकी चपेट में आ गई। बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें खेत में गिरा देखा और तत्काल परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बारिश से शहर में जलभराव, लोगों को हुई परेशानी

दूसरी ओर, रविवार दोपहर शुरू हुई तेज बारिश देर रात तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बारिश से शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। कई प्रमुख सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि कई स्थानों पर वाहन पानी के बीच धीमी गति से चलते नजर आए।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.