Media24Media.com: फर्जी अंकसूची का खेल उजागर, GST विभाग ने दो कर्मचारियों को किया बर्खास्त

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

फर्जी अंकसूची का खेल उजागर, GST विभाग ने दो कर्मचारियों को किया बर्खास्त

Document Thumbnail

 रायपुर। फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में राज्य जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र मीणा ने किशोर पटेल और भागवत पटेल को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए हैं।


जानकारी के मुताबिक, दोनों कर्मचारियों का चयन वर्ष 2013 में भृत्य (चतुर्थ श्रेणी) भर्ती के दौरान हुआ था। आरोप है कि उन्होंने चयन प्रक्रिया में कक्षा आठवीं की फर्जी अंकसूची प्रस्तुत की थी, जिसमें 96 प्रतिशत से अधिक अंक दर्शाए गए थे। इसी आधार पर उन्हें नौकरी मिली और बाद में दोनों को पदोन्नति देकर सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्त कर दिया गया।

भर्ती प्रक्रिया को लेकर शिकायत मिलने पर मामले की जांच शुरू हुई। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया कि दोनों कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत अंकसूचियां फर्जी हैं। इसके समर्थन में संबंधित स्कूल के परीक्षा रिकॉर्ड और सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेज भी पेश किए गए, जिनमें अंकसूची और वास्तविक परीक्षा रिकॉर्ड के बीच गंभीर विसंगतियां सामने आईं।

शिकायत के बाद विभाग ने दस्तावेजों का सत्यापन कराया। शुरुआती जांच में रिकॉर्ड को सही बताया गया, लेकिन दोबारा जांच और विधानसभा में मामला उठने के बाद जांच तेज हुई। विस्तृत जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर विभाग ने दोनों कर्मचारियों को बर्खास्त करने का फैसला लिया।

हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी कई सवाल उठ रहे हैं। जिन अधिकारियों ने प्रारंभिक सत्यापन में दस्तावेजों को सही बताया था, उनके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, जानकारों का कहना है कि यदि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त करने के आरोप प्रमाणित हो चुके हैं, तो विभागीय कार्रवाई के साथ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल इस संबंध में किसी आपराधिक कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.