Media24Media.com: CGPSC भर्ती घोटाला: CBI के बाद ED की एंट्री, मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से शुरू हुई जांच

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CGPSC भर्ती घोटाला: CBI के बाद ED की एंट्री, मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से शुरू हुई जांच

Document Thumbnail

 रायपुर : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की वर्ष 2021 की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच अब और गहराती जा रही है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां संदिग्ध बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और कथित अवैध रकम के इस्तेमाल की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।


500 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है भ्रष्टाचार

जांच का मुख्य केंद्र CGPSC के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और उनके कार्यकाल में आयोजित भर्ती प्रक्रियाएं हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि प्रतिष्ठित सरकारी पदों पर चयन के बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर इस कथित भ्रष्टाचार का दायरा 500 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

CSR और संस्थाओं के जरिए 'व्हाइट' करने की कोशिश

CBI की जांच में मिले वित्तीय दस्तावेजों और बैंकिंग रिकॉर्ड्स के आधार पर 47 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन तथा लगभग 1.30 करोड़ रुपये की कथित वसूली के संकेत मिले हैं। एजेंसियों को संदेह है कि नकद लेन-देन के अलावा सामाजिक संस्थाओं और CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड का सहारा लेकर इस रकम को वैध (व्हाइट) दिखाने का प्रयास किया गया।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि एक निजी पावर प्लांट से जुड़े कारोबारी परिवार के दो सदस्यों के चयन के बदले एक संस्था के खाते में 47 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। एजेंसियां अब उस संस्था के संचालन, उससे जुड़े लोगों की भूमिका और CSR के नाम पर दिखाई गई शैक्षणिक संस्था के वास्तविक अस्तित्व की जांच कर रही हैं।

फरार कोचिंग संचालक की तलाश तेज

इस पूरे मामले में एक प्रमुख कोचिंग संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। उस पर मुख्य परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और चयन की गारंटी देने के नाम पर अभ्यर्थियों से बड़ी रकम वसूलने का आरोप है। नाम सामने आने के बाद से ही आरोपी फरार है। अदालत द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद पुलिस व एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.