Media24Media.com: CG NEWS : लिफ्ट के बहाने सुनसान जगह ले गए युवक, महिला की सूझबूझ से बची बड़ी वारदात

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : लिफ्ट के बहाने सुनसान जगह ले गए युवक, महिला की सूझबूझ से बची बड़ी वारदात

Document Thumbnail

 खैरागढ़। जिले के खैरागढ़ में मनरेगा कार्य के लिए घर से निकली एक आदिवासी महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने मदद के बहाने महिला को लिफ्ट दी, लेकिन सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। महिला के विरोध और शोर मचाने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।


पुलिस के अनुसार मामला Salhewara थाना क्षेत्र का है। 25 वर्षीय महिला 8 जून को चूल्हा खोदरा जंगल तालाब क्षेत्र में मनरेगा कार्य के लिए फोटो खिंचवाने पैदल जा रही थी। इसी दौरान देवपुराघाट निवासी सिरताज खान और उसका एक साथी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। दोनों ने महिला से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि वे भी उसी दिशा में जा रहे हैं और उसे रास्ते में छोड़ देंगे।

महिला उनके झांसे में आ गई और बाइक पर बैठ गई। कुछ दूरी तय करने के बाद दोपहर करीब सवा तीन बजे बांधाटोला इलाके के एक सुनसान खेत के पास बाइक रोक दी गई। आरोप है कि वहां दोनों युवकों ने महिला का हाथ पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

हालांकि महिला ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला का विरोध देखकर दोनों आरोपी घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। यही मोटरसाइकिल बाद में पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचने का अहम सुराग बनी।

घटना के दो दिन बाद पीड़िता ने साल्हेवारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर देवपुराघाट निवासी सिरताज खान (29) और रितेश मारकंडे (18) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पहचान परेड की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.