Media24Media.com: खेत बचाने निकले शिवराज, 1 जून से देशभर में शुरू होगा बड़ा किसान अभियान

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

खेत बचाने निकले शिवराज, 1 जून से देशभर में शुरू होगा बड़ा किसान अभियान

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने कहा है कि 1 जून से शुरू होने वाला ‘खेत बचाओ अभियान’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि धरती, खेती और किसानों के भविष्य को सुरक्षित करने का राष्ट्रीय जन आंदोलन है। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी, वैज्ञानिक सोच और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


मध्य प्रदेश के Raisen जिले के रामसिया गांव से अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ से पहले रविवार को शिवराज सिंह चौहान ने देशभर के कृषि विज्ञान केंद्रों, आईसीएआर संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, केंद्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ कृषि अधिकारियों और किसान हित में कार्यरत संगठनों के प्रतिनिधियों से वर्चुअल संवाद किया।

उन्होंने बताया कि बढ़ता तापमान, रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का असंतुलित उपयोग, मिट्टी की घटती उर्वरता तथा जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियां कृषि क्षेत्र के सामने गंभीर संकट बनकर उभर रही हैं। ऐसे में किसानों को जागरूक करना और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

किसानों को दी जाएगी वैज्ञानिक खेती की जानकारी

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मिट्टी परीक्षण, सॉयल हेल्थ कार्ड, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, हरी खाद, फसल चयन, कम वर्षा की स्थिति में वैकल्पिक कृषि पद्धतियां तथा नकली खाद, बीज और कीटनाशकों की पहचान जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि केवल सलाह देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि खेतों में प्रदर्शन, वैज्ञानिक प्रमाण और व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए किसानों का विश्वास मजबूत करना होगा।

30 जून तक तैयार होगा विस्तृत रोडमैप

शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जून तक का विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। इसमें यह तय हो कि किस दिन कौन अधिकारी, वैज्ञानिक या टीम किस गांव में जाकर किसानों से संवाद करेगी। उन्होंने डैशबोर्ड आधारित मॉनिटरिंग और स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

केंद्र, राज्य और वैज्ञानिक संस्थानों को मिलकर करना होगा काम

उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए केंद्र और राज्य सरकारों, कृषि विभागों, आईसीएआर, कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और किसान हितैषी संस्थाओं को एकजुट होकर काम करना होगा। सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी भी अभियान को मजबूत बनाएगी।

किसानों तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, मिनी बीज किट, दलहन-तिलहन मिशन और कृषि यंत्रीकरण जैसी योजनाओं का लाभ भी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों की आय, जागरूकता और कृषि प्रबंधन क्षमता में वृद्धि होगी।

गांव-गांव तक पहुंचे अभियान का संदेश

शिवराज सिंह चौहान ने प्रचार-प्रसार को अभियान का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि यह देशहित और अन्नदाता के भविष्य से जुड़ा कार्यक्रम है। इसकी जानकारी जितनी तेजी से गांव-गांव तक पहुंचेगी, अभियान उतना ही प्रभावी साबित होगा। उन्होंने अधिकारियों और वैज्ञानिकों से मीडिया के माध्यम से किसानों तक अधिक से अधिक जानकारी पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ खेती, पर्यावरण और किसानों के हितों की रक्षा के लिए एक व्यापक जन आंदोलन का रूप लेगा, जो देश की कृषि व्यवस्था को अधिक टिकाऊ और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.