Media24Media.com: करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार

Document Thumbnail

 रायगढ़/घरघोड़ा। करोड़ों रुपये की संभावित संपत्ति और मुआवजे पर कब्जा करने की कथित साजिश का खुलासा करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी, महिला का पिता, फरार है जिसकी तलाश जारी है।


शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने पुलिस को बताया कि वह फैब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया से संबंधित व्यवसाय करता है। वर्ष 2008 में उसका विवाह सीमा यादव (सीमा बघेल) से हुआ था। व्यवसाय में आर्थिक प्रगति के बाद उसके ससुर भरतलाल यादव और साले कृष्ण कुमार यादव का घर पर आना-जाना बढ़ गया। शिकायत के अनुसार, वह प्रतिदिन अपने व्यवसाय से प्राप्त राशि सुरक्षित रखने के लिए अपनी पत्नी को सौंपता था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, वर्ष 2014 में उसे संदेह हुआ कि व्यवसाय से होने वाली आय के अनुपात में घर में नकदी उपलब्ध नहीं है। इसके बाद उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। फुटेज की जांच करने पर कथित रूप से यह सामने आया कि उसकी पत्नी आलमारी से रकम निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को दे रही थी। शिकायत के अनुसार, जांच में कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते में करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन पाए गए, जबकि वह बेरोजगार था।

पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2022 में उसने तमनार क्षेत्र में ऐसी भूमि खरीदने की योजना बनाई थी, जिसके भविष्य में अधिग्रहण होने पर करोड़ों रुपये के मुआवजे और नौकरी मिलने की संभावना थी। आरोप है कि इस जानकारी का लाभ उठाते हुए ससुर भरतलाल यादव, साला कृष्ण कुमार यादव और पत्नी सीमा बघेल ने मिलकर उस पर दबाव बनाया और लगभग 13.50 लाख रुपये मूल्य की भूमि सीमा बघेल के नाम पर रजिस्ट्री करा ली। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में उसकी अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने के उद्देश्य से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

मामले की विस्तृत जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ द्वारा की गई। जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि आरोपियों ने कथित रूप से योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने, उसकी रकम एवं संपत्ति पर अनुचित लाभ प्राप्त करने तथा उसकी मेहनत की कमाई का गबन करने का प्रयास किया।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर 3 जून 2026 को थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2), 49, 318(4), 303(2), 316(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी भरतलाल यादव की तलाश जारी है। मामले की विवेचना जारी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.