Media24Media.com: महंगाई का नया झटका: कमर्शियल LPG सिलेंडर फिर महंगा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महंगाई का नया झटका: कमर्शियल LPG सिलेंडर फिर महंगा

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। जून महीने की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। देशभर में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए रेट 1 जून से लागू हो गए हैं। हालांकि घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।


सूत्रों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की वृद्धि की गई है, जिसके बाद इसका नया रेट 3,113.50 रुपये हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3,255.50 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गई है।

5 किलो वाला सिलेंडर भी हुआ महंगा

5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार दिल्ली में यह सिलेंडर अब 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा। बढ़ी हुई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत

तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं, लेकिन घरेलू उपयोग वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है, जो पहले से ही महंगाई के दबाव का सामना कर रहे हैं।

ईंधन का पर्याप्त भंडार, घबराने की जरूरत नहीं

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार भविष्य में किसी भी संभावित आपूर्ति संकट से निपटने के लिए रणनीतिक भंडारण क्षमता को मजबूत करने पर काम कर रही है।

मंत्रालय की संयुक्त सचिव Sujata Sharma ने बताया कि सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रही हैं और एलपीजी उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की मांग बढ़ी है, जिसका मुख्य कारण कृषि कार्यों से जुड़ी जरूरतें और थोक खरीदारी है।

जमाखोरी पर सरकार की सख्ती

ईंधन की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। पिछले चार दिनों में एलपीजी से जुड़े 6,500 से अधिक छापे मारे गए हैं। इस दौरान 5 एफआईआर दर्ज की गई हैं और कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.