Media24Media.com: CG NEWS : खेलते-खेलते काल बना मोबाइल बैटरी का धमाका, मासूम ने तोड़ा दम

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : खेलते-खेलते काल बना मोबाइल बैटरी का धमाका, मासूम ने तोड़ा दम

Document Thumbnail

 सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में एक वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर के बाहर खेलते समय खराब मोबाइल की बैटरी फटने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के पास एक पुरानी और खराब मोबाइल बैटरी आ गई। खेल-खेल में अचानक बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद बच्चे घबराकर भाग गए, लेकिन मासूम आदित्य उसकी चपेट में आ गया। हादसे में बच्चे का चेहरा, सीना, पेट और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए।

बताया जाता है कि घटना के समय बच्चे की मां घर के पास पानी भरने गई हुई थी। विस्फोट की आवाज सुनकर वह तत्काल मौके पर पहुंची, जहां उसका बेटा गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। रात करीब 9 बजे पिता महेंद्र सिंह नेताम के घर पहुंचने पर बच्चे को तत्काल प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

इस घटना ने एक बार फिर खराब और अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा बैटरियों को बच्चों की पहुंच से दूर रखने की आवश्यकता को उजागर किया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.