Media24Media.com: ASI के बेटे पर जानलेवा हमला, अपहरण और लूटकांड से दहला कोरबा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ASI के बेटे पर जानलेवा हमला, अपहरण और लूटकांड से दहला कोरबा

Document Thumbnail

 कोरबा। जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास से बलगी मार्ग पर हुई एक सनसनीखेज वारदात में बोलेरो सवार युवकों ने पहले एक युवक को वाहन से टक्कर मार दी और बाद में उसका पीछा करने वाले युवक का कथित तौर पर अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल युवक चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू जिला पुलिस बल में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र है। बताया जा रहा है कि बोलेरो सवारों ने रास्ता छोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू किया। इसी दौरान जब चंद्रमणि वाहन से उतरकर सड़क पर पहुंचा, तब बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

पीछा करने पर युवक का किया अपहरण

घटना के बाद चंद्रमणि के साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करने लगे। आरोप है कि बलगी मार्ग पर बोलेरो सवार युवकों ने अरविंद राठौर को पकड़ लिया और जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए।

25-30 युवकों ने की बेरहमी से पिटाई

पीड़ित के अनुसार, उसे एक स्थान पर ले जाकर करीब 25 से 30 युवकों ने मिलकर बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उसे गंभीर रूप से घायल कर मृत समझकर वहीं छोड़ दिया।

नकदी और जेवर भी लूटे

मारपीट के दौरान आरोपियों ने अरविंद की जेब में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी, आईफोन, सोने की अंगूठी और गले में पहनी सोने की चेन भी लूट ली। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों घटनाओं में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने कुछ आरोपियों की पहचान कर ली है। जानलेवा हमले के मामले में एक आरोपी की पहचान नीरज साहू के रूप में हुई है, जो बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, नीरज साहू के खिलाफ पहले से भी बांकीमोंगरा थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.