Media24Media.com: वांछित आरोपी को पकड़ने गई छत्तीसगढ़ पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर पीटा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

वांछित आरोपी को पकड़ने गई छत्तीसगढ़ पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर पीटा

Document Thumbnail

 कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को चोर समझकर ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें एक आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोखराज थाना क्षेत्र के ईचौली गांव की है। स्थानीय पुलिस ने मामले में तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में तीन वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आरोपियों में आकाश, शिवम केशरवानी और उसका एक अन्य साथी शामिल हैं। इन्हीं की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम कौशांबी के ईचौली गांव पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे, जिससे ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके। पुलिस ने पहले आरोपी आकाश को हिरासत में लिया और इसके बाद दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी के घर पहुंची। जैसे ही पुलिस उसे पकड़ने लगी, उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से "चोर-चोर" चिल्लाना शुरू कर दिया।

आरोपी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बिना स्थिति की पुष्टि किए लोगों ने पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया और उनका घेराव कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार टीम में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा, हेड कांस्टेबल युसूफ खान, सिपाही अजय चौधरी, आरक्षी संदीप सिंह और आरक्षित सत्येंद्र प्रधान शामिल थे। आरोप है कि शिवम केशरवानी, उसके परिजनों और समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों को आरोपी को ले जाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस दल को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

हमले में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल आरक्षी को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है तथा हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.