Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में मौसम का अलर्ट: गरज-चमक के साथ बारिश, 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में मौसम का अलर्ट: गरज-चमक के साथ बारिश, 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Document Thumbnail

 CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने रायगढ़ और महासमुंद जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।


मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अचानक बदले मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

किसानों और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने विशेष रूप से किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और यात्रियों को सावधानी बरतने को कहा है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की गई है।

11 मई के बाद कम हो सकती है गतिविधि

विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और मेघगर्जन की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि 11 मई के बाद गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

तापमान में भी बदलाव के संकेत

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

प्रमुख शहरों का तापमान

बीते 24 घंटों में सुकमा में 38.8 डिग्री, रायपुर में 39.4 डिग्री, कवर्धा में 37.6 डिग्री, बेमेतरा में 38.2 डिग्री, बिलासपुर में 37.4 डिग्री, जगदलपुर में 36.4 डिग्री, रायगढ़ में 37 डिग्री और सरगुजा में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.