Media24Media.com: निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहा, 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई घंटे चला रेस्क्यू

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहा, 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई घंटे चला रेस्क्यू

Document Thumbnail

 हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का भारी स्लैब अचानक ढह जाने से छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई मजदूर बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया।


जानकारी के मुताबिक मवई जार और कुरारा को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार रात करीब तीन बजे काम खत्म होने के बाद मजदूर निर्माणाधीन पुल के स्लैब के नीचे और आसपास आराम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी, बारिश और बिजली गरजने लगी। खराब मौसम के बीच अचानक पुल का भारी स्लैब भरभराकर नीचे गिर गया।

हादसा इतना भयावह था कि मलबे के नीचे दबे मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अंधेरी रात और मूसलाधार बारिश के बीच मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ ने तीन मजदूरों को पुल के पिलर पर फंसी हालत में सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि मलबे में दबे छह मजदूरों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान बांदा जिले के लोकेंद्र निषाद, कुलदीप निषाद, सावंत यादव, सभाजीत और हमीरपुर के पुष्पेंद्र सिंह चौहान व राजेश पाल के रूप में हुई है।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि मौसम विभाग की आंधी-तूफान की चेतावनी के बावजूद मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

इधर, आंधी-तूफान का असर पूरे जिले में देखने को मिला। कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर पड़े, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में भी बाधाएं आईं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.