Media24Media.com: 15 वर्षों से बुझा रहे दो गांवों की प्यास, ग्रामीणों ने कहा 'कलयुग के भगीरथ'

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

15 वर्षों से बुझा रहे दो गांवों की प्यास, ग्रामीणों ने कहा 'कलयुग के भगीरथ'

Document Thumbnail

 ​निःशुल्क जलदान की मिसाल: लड्डू बेचकर आजीविका चलाने वाले सीताराम साहू को पीपला फाउंडेशन और ग्राम पंचायत रीवा ने किया सम्मानित


आरंग । भयंकर गर्मी के इस दौर में जहां आज इंसान बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है और लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है, वहीं आरंग अंचल के ग्राम कुकरा में सेवा और इंसानियत की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली है। पेशे से लड्डू बनाने का व्यवसाय करने वाले समाजसेवी सीताराम साहू विगत 15 वर्षों से दो गांवों के हजारों ग्रामीणों को चौबीसों घंटे निःशुल्क पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। उनकी इस नि:स्वार्थ सेवा के लिए उन्हें कलयुग का 'भगीरथ' माना जा रहा है।


​हाल ही में उनकी इस सहृदयता और दयालुता के लिए स्वयंसेवी संस्था पीपला वेलफेयर फाउंडेशन और ग्राम पंचायत रीवा द्वारा संयुक्त रूप से उन्हें श्रीफल, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

​ छह महीने जल संकट से जूझते हैं ग्रामीण

​राजधानी रायपुर से लगे आरंग अंचल का ग्राम लोरिक नगर गढ़रीवां पिछले कई वर्षों से भीषण जल संकट से जूझ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, यहाँ साल में केवल छह महीने ही पेयजल उपलब्ध रहता है। जनवरी से जून तक कुएं और हैंडपंप जवाब दे जाते हैं, जिससे लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता है।

​ संकल्प जिसने बदल दी तस्वीर

ग्राम कुकरा निवासी 46 वर्षीय शिवभक्त सीताराम साहू ने वर्ष 2010 में अपने घर में ट्यूबवेल खुदवाया था। क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत को देखते हुए उन्होंने बिना किसी सरकारी या बाहरी मदद के, अपने खर्च पर दो बड़ी पानी टंकियां बनवाईं और घर के बाहर अलग से कनेक्शन निकालकर 24 घंटे जलदान का संकल्प लिया। आज उनके इस नलकूप से रीवा, कुकरा और लखौली के सैकड़ों ग्रामीण अपनी प्यास बुझा रहे हैं।

​ मिठास के साथ दे रहे हैं 25 लोगों को रोजगार

​सीताराम साहू जितने सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी हैं, उनका व्यवसाय भी उतना ही अनूठा है। वे घर पर ही लड्डू बनाने का कारोबार करते हैं। उनके बनाए लड्डुओं की मिठास न सिर्फ रायपुर बल्कि आसपास के कई जिलों में मशहूर है। मांगलिक कार्यों में इनके लड्डुओं की खास मांग रहती है। इस कुटीर उद्योग के माध्यम से वे क्षेत्र के करीब 25 लोगों को रोजगार भी मुहैया करा रहे हैं।

​कृतज्ञ ग्रामीणों ने जताया आभार

​सम्मान समारोह के दौरान ग्राम पंचायत रीवा के सरपंच घसियाराम साहू, उपसरपंच सूरज साहू, चंडी मंदिर समिति के सदस्य पोखराज साहू और हीराधर धीवर सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने सीताराम साहू की इस दीर्घकालीन सेवा के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि संकट के समय में वे क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.