Media24Media.com: Mahasamund : पिटाई से युवक की मौत के बाद थाना घेराव, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

Mahasamund : पिटाई से युवक की मौत के बाद थाना घेराव, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Document Thumbnail

 महासमुंद। जिले के बागबाहरा क्षेत्र में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्राम कुसमी निवासी 23 वर्षीय चितरंजन पटेल की इलाज के दौरान मौत होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कोमाखान थाना का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।


ग्रामीणों ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक उनका धरना जारी रहेगा।

मामले की जानकारी मिलने पर बागबाहरा एसडीओपी अजय शंकर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को हत्या की धारा जोड़कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

इलाज के दौरान हुई युवक की मौत

जानकारी के अनुसार, चितरंजन पटेल पिछले कई दिनों से गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती था। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंच गए।

परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ हुई गंभीर मारपीट के मामले में पुलिस ने शुरुआत से ही गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनके हौसले बढ़े।

शादी समारोह से लौटते समय हुई थी मारपीट

बताया जा रहा है कि चितरंजन पटेल अपने माता-पिता लीलाबाई और आशाराम पटेल के बजाय ग्राम बकमा में अपनी नानी के यहां रहता था। 15 अप्रैल को वह एक शादी समारोह में शामिल होने गया था।

इसी दौरान लामी के पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म के करीब कथित तौर पर अवैध शराब कारोबार से जुड़े तीन लोगों ने उसे रोक लिया। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के बाद युवक को गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल युवक को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे महासमुंद रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, लेकिन लंबे इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस पर गंभीर आरोप

मृतक की मां लीलाबाई पटेल ने आरोप लगाया कि घटना में युवक के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। उन्होंने कहा कि घटना की शिकायत कोमाखान थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर केवल मामूली धाराएं लगाकर छोड़ दिया।

परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शुरुआत में ही गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई होती तो युवक की जान बच सकती थी।

हत्या की धारा में होगी कार्रवाई

बागबाहरा एसडीओपी अजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि मामले में अब धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.