Media24Media.com: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक की आशंका पर CBI करेगी जांच

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक की आशंका पर CBI करेगी जांच

Document Thumbnail

 नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को रद्द कर दिया है। पेपर लीक की आशंका के चलते यह बड़ा फैसला लिया गया है। मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई है। परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा।


एनटीए ने जारी नोटिस में कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। नई परीक्षा तिथि की सूचना अलग से जारी की जाएगी।

गौरतलब है कि देशभर के मेडिकल, डेंटल और आयुष कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस और बीएचएमएस सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए NEET UG परीक्षा आयोजित की जाती है। इस वर्ष करीब 22.05 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।

7 मई को मिले थे पेपर लीक के इनपुट

सूत्रों के अनुसार, परीक्षा आयोजित होने के चार दिन बाद यानी 7 मई को एनटीए को पेपर लीक से जुड़े कुछ इनपुट प्राप्त हुए थे। इसके बाद 8 मई को मामले के सत्यापन और आगे की कार्रवाई के लिए जानकारी केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दी गई थी।

‘गेस पेपर’ से मिले कई सवाल

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच के बाद पेपर लीक की आशंका और गहरा गई। एसओजी के मुताबिक, परीक्षा से करीब 15 दिन से एक महीने पहले एक कथित “गेस पेपर” अभ्यर्थियों के बीच सर्कुलेट हो रहा था। बताया गया कि इस गेस पेपर में करीब 410 प्रश्न थे, जिनमें से लगभग 120 सवाल NEET परीक्षा के केमिस्ट्री सेक्शन में हूबहू पूछे गए। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि परीक्षा में आए करीब 600 अंकों के प्रश्न इसी गेस पेपर से मेल खाते थे।

केरल से राजस्थान तक पहुंचा नेटवर्क

जांच एजेंसियों को आशंका है कि कथित गेस पेपर केरल से लीक होकर राजस्थान तक पहुंचा। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सीकर में कंसल्टेंसी चलाने वाले झुंझुनूं निवासी एक व्यक्ति के पास परीक्षा से लगभग एक माह पहले यह पेपर पहुंचा था।

20 से अधिक संदिग्ध हिरासत में

एसओजी ने पिछले चार दिनों में देहरादून, सीकर और झुंझुनूं से 20 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, इनमें कई करियर काउंसलर शामिल हैं। देहरादून से पकड़े गए संदिग्धों में सीकर निवासी राकेश मंडावरिया का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसका पीपराली रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान के सामने कंसल्टेंसी कार्यालय है। उसकी निशानदेही पर जांच एजेंसियों ने चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.