Media24Media.com: भीषण गर्मी के बीच जल्द दस्तक दे सकता है मॉनसून, केरल में भारी बारिश के संकेत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

भीषण गर्मी के बीच जल्द दस्तक दे सकता है मॉनसून, केरल में भारी बारिश के संकेत

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मॉनसून के जल्द आने की उम्मीद बढ़ गई है। केरल में लगातार हो रही भारी बारिश ने संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।


मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के अरब सागर के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। सामान्य तौर पर केरल में मॉनसून 1 जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके पहले आने की संभावना जताई जा रही है।

केरल में कई जिलों में येलो अलर्ट

IMD ने केरल के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 25 मई को पतनमतिट्टा, आलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में अलर्ट जारी किया गया।

वहीं 26 मई को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, आलाप्पुझा और एर्नाकुलम में चेतावनी जारी रहेगी। 27 मई को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और आलाप्पुझा जिलों में अलर्ट रहेगा। इसके बाद 28 मई को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पतनमतिट्टा, आलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 28 मई से 3 जून के बीच केरल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान भी जताया है।

कई राज्यों में जारी है भीषण गर्मी

देश के कई हिस्सों में रविवार को भीषण गर्मी का असर जारी रहा। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया।

IMD ने अनुमान जताया है कि 29 मई के बाद गर्मी से धीरे-धीरे राहत मिल सकती है। विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में तथा अगले 3 से 5 दिनों तक पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू चलने की संभावना बनी रहेगी।

राजस्थान में 47 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन से चार दिनों तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 26 और 27 मई को तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

वहीं आंध्र प्रदेश में मौसम का अलग असर देखने को मिल रहा है। कुछ जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि कई क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले तीन दिनों तक भीषण लू की चेतावनी जारी की है।

 
 
Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.