Media24Media.com: महासमुंद में IPL सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महासमुंद में IPL सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

Document Thumbnail

 महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने आईपीएल सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न इलाकों में की गई ताबड़तोड़ छापेमारी में 9 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 आरोपी अभी भी फरार हैं।


पुलिस के मुताबिक, यह अवैध सट्टा नेटवर्क बसना, पिथौरा, सांकरा, सरायपाली और भंवरपुर क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय था और ऑनलाइन माध्यम से सट्टेबाजी का कारोबार संचालित कर रहा था।

मामले की शुरुआत भंवरपुर चौक से पकड़े गए आरोपी योगेश्वर देवांगन की गिरफ्तारी से हुई। पूछताछ में मिली अहम जानकारियों के आधार पर पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया और अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 11 मोबाइल फोन जब्त किए। जांच में सामने आया कि फोन-पे और यूपीआई जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा लेनदेन किया जा रहा था। शुरुआती जांच में 3 लाख रुपये से अधिक के अवैध ट्रांजैक्शन के प्रमाण मिले हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था, जिसमें अलग-अलग लोग मैचों पर दांव लगवाने से लेकर पैसों के लेनदेन तक की जिम्मेदारी निभा रहे थे। आरोपी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से पूरा नेटवर्क उजागर हो गया।

गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही मामले को संगठित अपराध की श्रेणी में रखते हुए आगे की जांच जारी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.