Media24Media.com: CG NEWS : दोस्त का कत्ल कर घर में दफनाया, ‘आत्मा के डर’ ने खुलवाया राज

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : दोस्त का कत्ल कर घर में दफनाया, ‘आत्मा के डर’ ने खुलवाया राज

Document Thumbnail

 अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दोस्त की हत्या कर उसे घर में दफनाने वाला आरोपी आखिरकार खुद ही पुलिस के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि ‘आत्मा के डर’ से परेशान होकर उसने 9 दिन बाद अपना जुर्म कबूल कर लिया।


मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। आरोपी मिथलेश कुजूर ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त बृजलाल की हत्या कर दी है और शव को घर के अंदर दफना दिया है। आरोपी के खुलासे के बाद पुलिस भी हैरान रह गई।


शराब को लेकर हुआ विवाद, बनी हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की रात बृजलाल अपने दोस्त मिथलेश के घर गया था। यहां उसने शराब पीने की बात कही, लेकिन नवरात्रि के कारण उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान आरोपी का मोबाइल भी टूट गया, जिससे गुस्साए मिथलेश ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।


पत्नी के साथ मिलकर घर में ही दफनाया शव

हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर जमीन में गाड़ दिया, ताकि किसी को भनक न लगे। दोनों ने मिलकर पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की।

‘आत्मा’ के डर से टूटा आरोपी

घटना के बाद से ही आरोपी मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। उसे हर समय डर सताने लगा कि मृतक की आत्मा उसे परेशान कर रही है। इसी डर के चलते वह खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बता दी।

पुलिस ने शव बरामद कर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार की मौजूदगी में घर की जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.