Media24Media.com: दुर्ग में फर्जी स्वास्थ्य अधिकारी बनकर ठगी का खेल, अस्पतालों को डराकर मांगे पैसे

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दुर्ग में फर्जी स्वास्थ्य अधिकारी बनकर ठगी का खेल, अस्पतालों को डराकर मांगे पैसे

Document Thumbnail

 दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अस्पताल संचालकों को निशाना बनाकर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बनकर अस्पतालों को कार्रवाई का डर दिखा रहे हैं और पैसों की मांग कर रहे हैं।


मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर स्थित गंगोत्री अस्पताल से जुड़ा है। अस्पताल संचालक डॉ. ओम प्रकाश कराड़े की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डॉ. कराड़े के अनुसार, 17 मार्च 2026 को उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को अजय अग्रवाल बताते हुए रायपुर स्थित स्वास्थ्य-परिवार कल्याण विभाग के सचिव का पर्सनल स्टाफ बताया। आरोपी ने अस्पताल में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए कार्रवाई का डर दिखाया और मामले को खत्म कराने के नाम पर पैसे की मांग की।

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने उन्हें मंत्रालय बुलाया। वहां पहुंचने पर उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया और गेट के बाहर ही इंतजार कराया गया। कुछ देर बाद वही व्यक्ति बाहर आया और फिर से दबाव बनाते हुए रकम देने को कहा।

आरोपी ने यह भी धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर अस्पताल के खिलाफ जांच कराई जाएगी और मामला सार्वजनिक कर दिया जाएगा।

संदेह होने पर डॉ. कराड़े ने स्वास्थ्य सचिव कार्यालय से जानकारी ली, जहां स्पष्ट हुआ कि अजय अग्रवाल नाम का कोई भी व्यक्ति वहां कार्यरत नहीं है। इसके बाद उन्होंने तुरंत मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अन्य अस्पतालों को भी निशाना बनाया है। चरौदा स्थित एएम हॉस्पिटल के संचालक के साथ भी इसी तरह की घटना हुई, जिसके बाद भिलाई-3 थाने में भी मामला दर्ज किया गया है।

दुर्ग जिले में अब तक ऐसे दो मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। आशंका है कि आरोपी के पकड़े जाने पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.