Media24Media.com: नौकरी दिलाने के नाम पर 22.70 लाख की ठगी, कृषि मंत्री का बहनोई बनकर ठगा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नौकरी दिलाने के नाम पर 22.70 लाख की ठगी, कृषि मंत्री का बहनोई बनकर ठगा

Document Thumbnail

 रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताकर चार लोगों से कुल 22 लाख 70 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामभांठा निवासी समारू राम टंडन (51) अप्रैल 2025 में रायपुर गया था। जयस्तंभ चौक के पास उसकी मुलाकात महासमुंद जिले के ग्राम भद्ररसी निवासी राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताते हुए मंत्रालय में मजबूत पकड़ होने का दावा किया।

नौकरी का झांसा देकर ठगी

आरोपी ने मंत्रालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का लालच दिया। इस पर समारू ने अपने बेटे का बायोडाटा आरोपी को भेजा। बाद में आरोपी ने नौकरी लगवाने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की।

समारू ने अपने परिचितों—पिंटू लहरे, राजेश साहू और सुशील चौहान—को भी इसकी जानकारी दी। सभी ने अपने-अपने बच्चों की नौकरी के लिए बायोडाटा आरोपी को सौंप दिया।

कैश और ऑनलाइन ली रकम

कुछ दिनों बाद आरोपी रायगढ़ पहुंचा, जहां समारू ने अपने बेटे की नौकरी के लिए 4 लाख रुपए नकद दिए। इसके अलावा बाकी रकम ऑनलाइन (Paytm) के माध्यम से ट्रांसफर की गई। कुल मिलाकर आरोपियों को 9 लाख 92 हजार 500 रुपए ऑनलाइन भेजे गए।

फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर देकर गुमराह

पैसे लेने के बाद आरोपी ने सभी पीड़ितों को अपने घर बुलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया। इसके बाद जॉइनिंग के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बावजूद नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी दंपती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.