Media24Media.com: #सरकारी नौकरी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #सरकारी नौकरी. Show all posts
Showing posts with label #सरकारी नौकरी. Show all posts

नौकरी दिलाने के नाम पर 22.70 लाख की ठगी, कृषि मंत्री का बहनोई बनकर ठगा

No comments Document Thumbnail

 रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताकर चार लोगों से कुल 22 लाख 70 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामभांठा निवासी समारू राम टंडन (51) अप्रैल 2025 में रायपुर गया था। जयस्तंभ चौक के पास उसकी मुलाकात महासमुंद जिले के ग्राम भद्ररसी निवासी राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताते हुए मंत्रालय में मजबूत पकड़ होने का दावा किया।

नौकरी का झांसा देकर ठगी

आरोपी ने मंत्रालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का लालच दिया। इस पर समारू ने अपने बेटे का बायोडाटा आरोपी को भेजा। बाद में आरोपी ने नौकरी लगवाने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की।

समारू ने अपने परिचितों—पिंटू लहरे, राजेश साहू और सुशील चौहान—को भी इसकी जानकारी दी। सभी ने अपने-अपने बच्चों की नौकरी के लिए बायोडाटा आरोपी को सौंप दिया।

कैश और ऑनलाइन ली रकम

कुछ दिनों बाद आरोपी रायगढ़ पहुंचा, जहां समारू ने अपने बेटे की नौकरी के लिए 4 लाख रुपए नकद दिए। इसके अलावा बाकी रकम ऑनलाइन (Paytm) के माध्यम से ट्रांसफर की गई। कुल मिलाकर आरोपियों को 9 लाख 92 हजार 500 रुपए ऑनलाइन भेजे गए।

फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर देकर गुमराह

पैसे लेने के बाद आरोपी ने सभी पीड़ितों को अपने घर बुलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया। इसके बाद जॉइनिंग के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बावजूद नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी दंपती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CG NEWS : नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख की ठगी, फर्जी जवान गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 जशपुर नगर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बताकर कलेक्ट्रेट परिसर में वर्दी पहनकर घूमता था और लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली जशपुर में सीमा बाई (39 वर्ष) निवासी झरगांव चौकी सोनक्यारी ने 8 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 अगस्त 2025 को कलेक्ट्रेट परिसर जशपुर में उसकी मुलाकात पुलिस की वर्दी पहने एक युवक से हुई।

आरोपी ने अपना नाम पुन्नी लाल अनंत बताया और खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का सिपाही बताते हुए कलेक्ट्रेट में ऊंची पहुंच होने का दावा किया। उसने मत्स्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।

झांसे में आकर दिए दो लाख रुपए

आरोपी की बातों में आकर प्रार्थिया ने उसे 2 लाख रुपए दे दिए। आरोपी ने शेष रकम मिलने पर ज्वाइनिंग लेटर देने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थिया की भतीजी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके शैक्षणिक दस्तावेज भी अपने पास रख लिए और अतिरिक्त 3 लाख रुपए की मांग करने लगा।

कुछ समय बाद प्रार्थिया को पता चला कि आरोपी न तो पुलिसकर्मी है और न ही किसी विभाग से जुड़ा है, बल्कि फर्जी वर्दी पहनकर ठगी कर रहा है। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

बिलासपुर से गिरफ्तारी

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर रही है।

छग लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 37 पदों पर भर्ती, व्यापम ने जारी किया नोटिफिकेशन

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, रायपुर के तहत ट्रेसर (अनुरेखक) के 37 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है।


आवेदन प्रक्रिया

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 1 अक्टूबर 2025, शाम 5 बजे तक

  • सुधार की सुविधा: 2 से 4 अक्टूबर 2025 तक

  • आधिकारिक वेबसाइट: vyapam.cgstate.gov.in

परीक्षा कार्यक्रम

  • परीक्षा तिथि: 26 अक्टूबर 2025 (रविवार)

  • समय: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक

  • परीक्षा केंद्र: रायपुर और बिलासपुर

  • एडमिट कार्ड जारी: 17 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार)

फीस भुगतान और रिफंड नियम

व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन मोड से किया जाएगा। साथ ही, यदि छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी उम्मीदवार परीक्षा में अनुपस्थित रहते हैं, तो उनका शुल्क नियमानुसार वापस कर दिया जाएगा।

सलाह: सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन करें।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.